MP News: मध्यप्रदेश में चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान के कर्मचारियों का DA बढ़ा, 53 हजार से ज्यादा लोगों को मिलेगा लाभ
MP News: मध्यप्रदेश सरकार ने चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ते यानी DA में वृद्धि की है. चौथे वेतनमान के कर्मचारियों के DA में 20 प्रतिशत अंक, जबकि पांचवें और छठवें वेतनमान के कर्मचारियों के DA में 5-5 प्रतिशत अंक का इजाफा किया गया है. सातवें वेतनमान के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता इससे पहले ही बढ़ाया जा चुका है.
नवंबर की सैलरी में मिलेगा बढ़ा हुआ DA
वित्त विभाग के आदेश के अनुसार, नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होंगी. बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान नवंबर महीने के वेतन के साथ किया जाएगा. वहीं, जनवरी से सितंबर 2026 तक की बकाया राशि यानी एरियर का भुगतान नवंबर, दिसंबर और जनवरी में तीन बराबर किस्तों में किया जाएगा. इस अवधि के दौरान सेवानिवृत्त हुए या जिन कर्मचारियों की मृत्यु हुई है, उनके मामले में एरियर की पूरी राशि एकमुश्त दी जाएगी.

अलग-अलग वेतनमान के लिए DA की नई दरें
सरकार ने चौथे वेतनमान का महंगाई भत्ता 1465 प्रतिशत से बढ़ाकर 1485 प्रतिशत कर दिया है. इसी तरह पांचवें वेतनमान में DA की दर 323 प्रतिशत से बढ़कर 328 प्रतिशत और छठवें वेतनमान में 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दी गई है. ये संशोधित दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी.
प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारियों को भी फायदा
इस फैसले का लाभ उन कर्मचारियों को भी मिलेगा, जो सरकारी उपक्रमों, निगमों, मंडलों और अनुदान प्राप्त संस्थाओं से प्रतिनियुक्ति पर आए हैं. चौथे वेतनमान के ऐसे कर्मचारियों के लिए DA की नई दर 1485 प्रतिशत और पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों के लिए 328 प्रतिशत तय की गई है. हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते को किसी योजना के लिए वेतन की श्रेणी में शामिल नहीं माना जाएगा.
नगरीय निकायों के पेंशनर्स की महंगाई राहत बढ़ी
राज्य सरकार ने नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स को भी राहत दी है. इनके लिए महंगाई राहत यानी DR में वृद्धि की गई है. छठवें वेतनमान के पेंशनर्स की महंगाई राहत 5 प्रतिशत अंक और सातवें वेतनमान के पेंशनर्स की DR में 2 प्रतिशत अंक का इजाफा किया गया है. यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी. इस फैसले से करीब 35 हजार कर्मचारी और 18 हजार से अधिक पेंशनर्स, यानी कुल 53 हजार से ज्यादा लोग लाभान्वित होंगे.
80 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनर्स को भी लाभ
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आदेश के मुताबिक, बढ़ी हुई महंगाई राहत की गणना मूल पेंशन के आधार पर की जाएगी. इसका फायदा 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन पर भी लागू होगा. वहीं, परिवार पेंशन को लेकर एक विशेष शर्त तय की गई है. पति या पत्नी की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले व्यक्ति को परिवार पेंशन पर महंगाई राहत नहीं मिलेगी. लेकिन यदि पति या पत्नी की मृत्यु के समय संबंधित व्यक्ति पहले से सरकारी सेवा में कार्यरत था, तो उसे मिलने वाली परिवार पेंशन पर DR का लाभ दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: तीन दिन बाद खत्म हुई जिला अस्पताल के सफाईकर्मियों की हड़ताल, अब हर महीने मिलेंगे 9500 रुपये
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










