MP News: सतना में भारी बारिश से हालात बिगड़े, मंदाकिनी उफान पर, गांवों में अलर्ट
MP News: सतना जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. सोमवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा, जिससे मंदाकिनी नदी समेत कई नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा. प्रशासन ने नदी किनारे बसे 36 गांवों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है, वहीं राहत और बचाव टीमों को भी सतर्क कर दिया गया है.

मंदाकिनी का जलस्तर तेजी से बढ़ा
चित्रकूट के आरोग्यधाम क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. सुबह 6 बजे आरोग्यधाम के पास मंदाकिनी नदी का जलस्तर 137.15 मीटर दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम बाढ़ स्तर 139.60 मीटर बताया गया है. कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस., एसपी हंसराज सिंह और अन्य अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए.

नदी-नाले उफान पर, घरों में घुसा पानी
मंदाकिनी के अलावा सेमरावल नदी सहित बिरसिंहपुर, कोटर और कोठी क्षेत्र के कई नदी-नाले भी उफान पर हैं. बिरसिंहपुर में कई घरों और दुकानों में पानी पहुंचने की सूचना है. रामपुर बघेलान और कोटर तहसील के तटीय इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है.
कई रास्तों पर आवागमन बंद
लगातार बारिश के कारण मझगवां जनपद क्षेत्र में डेंगरहट-खोड़री मार्ग का एक पुल धंस गया, जिसके बाद इस रास्ते पर आवागमन बंद कर दिया गया है. वहीं बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर भी यातायात रोक दिया गया है, सितावा नदी में तेज बहाव के चलते लोगों को नदी पार नहीं करने की चेतावनी दी गई है. प्रशासन ने जलस्तर सामान्य होने तक लोगों से जोखिम नहीं लेने की अपील की है.
बस्तियां खाली कराने में जुटा प्रशासन
चित्रकूट के आरोग्यधाम घाट और स्फटिक शिला क्षेत्र में पानी तेजी से बढ़ने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर के जरिए लगातार चेतावनी जारी कर लोगों से घर खाली कर राहत शिविरों में जाने की अपील की जा रही है. एसपी अरुण कुमार सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल लोगों की मदद करने के निर्देश दिए हैं.
यह भी पढ़ें : MP News: मऊगंज में 3 आदतन अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, एक साल के लिए जिला बदर
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
