MP News: ट्रांसफर के बदले रिश्वत का आरोप, कृषि मंत्री के OSD समेत तीन कर्मचारी निलंबित
MP News: मध्य प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना के कार्यालय से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है. ट्रांसफर के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में मंत्री के OSD सहित तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है.
तीन अधिकारियों पर गिरी गाज
सरकार ने कृषि मंत्री के OSD अशोक कुमार बाथम, निज सहायक दिनेश भकोरिया और स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया को निलंबित कर दिया है. तीनों पर सरकारी कर्मचारियों के तबादले के बदले रिश्वत मांगने के आरोप लगे हैं.

ट्रांसफर के बदले पैसों की मांग का आरोप
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने जून महीने में ट्रांसफर पर लगी रोक हटाई थी. इसी दौरान कृषि विस्तार अधिकारी, नर्स और वन रक्षक के तबादलों के बदले लाखों रुपये की मांग किए जाने के आरोप सामने आए. आरोप है कि अलग-अलग मामलों में 5 लाख से लेकर 15 लाख रुपये तक की डील की जा रही थी.
OSD पर कैश मांगने का आरोप
कृषि विभाग के आदेश के मुताबिक, प्रथम दृष्टया उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अशोक कुमार बाथम को निलंबित किया गया है. उन पर एक कृषि विस्तार अधिकारी के तबादले के बदले 2.50 लाख रुपये नकद मांगने का आरोप है. निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सीधी जिले के किसान कल्याण एवं कृषि विकास कार्यालय से संबद्ध किया गया है.
स्टिंग के बाद हुई कार्रवाई
निज सहायक दिनेश भकोरिया और स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. दोनों का कथित स्टिंग वीडियो सामने आने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने निलंबन के आदेश जारी किए. आरोप है कि दिनेश भकोरिया ने नर्स के ट्रांसफर के लिए 3.50 लाख रुपये मांगे, जबकि अंकित अवधिया पर नर्स के तबादले के लिए 5 लाख और वन रक्षक के ट्रांसफर के लिए 1.50 लाख रुपये मांगने का आरोप है.
जांच जारी
सरकार ने तीनों मामलों में विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस मामले ने प्रदेश में तबादलों की प्रक्रिया और पारदर्शिता को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें : MP News: मध्य प्रदेश में झमाझम बारिश, बड़वानी में सबसे ज्यादा बारिश, कई जिलों में रेड अलर्ट
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
