MP Weather: मध्य प्रदेश में 20 से 22 नवंबर तक बारिश का अलर्ट, कटनी में पारा 8.9 डिग्री पहुंचा
MP Weather: पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में भी महसूस होने लगा है. उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में तापमान गिर रहा है. इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है. कटनी के करौंदी में बीती रात पारा 8.9 डिग्री तक पहुंच गया. वहीं भोपाल और जबलपुर में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड महसूस की गई.

20 से 22 नवंबर तक बारिश की संभावना
मौसम केंद्र भोपाल ने 20 से 22 नवंबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसका ज्यादा असर पूर्वी और दक्षिणी मध्य प्रदेश में देखने को मिल सकता है. जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में मौसम बदलने का अनुमान है.
बंगाल की खाड़ी का चक्रवाती तूफान बनेगा वजह
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा. इसका असर 20 नवंबर से दिखाई देने लगेगा. शहडोल और डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. अगले 24 घंटे के दौरान इन इलाकों में 4 इंच से अधिक बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
इन जिलों में भी बदलेगा मौसम
छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. 21 नवंबर को सीधी और अनूपपुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 22 नवंबर को भी कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है.
![]()
कटनी में सबसे कम 8.9 डिग्री तापमान
बीती रात प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. कटनी के करौंदी में सबसे कम 8.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. इसके बाद शहडोल के कल्याणपुर में पारा 9 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम के इस बदलाव के बीच प्रदेश के कई इलाकों में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है.
![]()
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है ठिठुरन
कश्मीर और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है. इसके चलते उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रभाव मध्य प्रदेश तक पहुंच रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि मौसमी सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक लोगों को ठंड के साथ बारिश और तेज हवाओं का सामना करना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें : MP News: टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का हब बनेगा मध्यप्रदेश, 15,259 युवाओं को रोजगार देने की तैयारी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










