Rewa News: संजय गांधी अस्पताल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, 300 में 190 कर्मचारी मिले मौजूद
Rewa News: रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार देर रात संजय गांधी अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया. इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई गंभीर खामियां सामने आईं. कई सीनियर ड्यूटी डॉक्टर अस्पताल से नदारद मिले, जबकि अलग-अलग वार्डों में गंदगी और अव्यवस्था भी दिखाई दी. हालात देखकर कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और नाराजगी जताते हुए पूछा- ये अस्पताल है या कोई कचरा खाना?
सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और पूछा- सफाई वाला कहां है? इसके बाद एक कर्मचारी सामने आया और खुद को सफाईकर्मी बताया. इस पर कलेक्टर ने उसे भी फटकार लगाते हुए कहा- मैं तुम्हारी ऐसी 12 बजाऊंगा कि याद रखोगे. ये क्या बना रखा है? कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे रात 2 बजे भी अस्पताल का निरीक्षण कर सकते हैं और सुबह 6 बजे भी, इसलिए ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.
300 में 190 कर्मचारी ही मिले
प्रभारी डीन डॉ. मनोज इंदुलकर से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में कर्मचारियों और डॉक्टरों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा- आपके यहां डॉक्टर मौजूद हैं या नहीं. 300 लोगों में से केवल 190 लोग मौजूद हैं. बाकी 110 कर्मचारी नदारद, मैं आपके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करूंगा. यह सरकार का पैसा है, यह लूट मचाने का कोई संस्थान नहीं है. उन्होंने गैरहाजिर कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
पुराने गद्दे देखकर भी जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान ऑर्थोपेडिक्स वार्ड में पुराने गद्दे खुले में पड़े मिले, जिसे देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई. उन्होंने वार्ड इंचार्ज का 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने प्रभारी डीन से कहा कि अभी अटेंडर, साफ-सफाई और स्टाफ की मौजूदगी जैसी व्यवस्थाएं देखी गई हैं, अगली बार अस्पताल आने पर तकिए और चादरों की स्थिति भी जांची जाएगी. डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की समय पर मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया.
शिकायतों के बाद लिया व्यवस्थाओं का जायजा
कलेक्टर ने बताया कि संजय गांधी अस्पताल को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह औचक निरीक्षण किया गया. अस्पताल में मरीजों के अटेंडरों की भीड़ और कई जगह अव्यवस्थाएं भी मिलीं. उन्होंने प्रबंधन को साफ-सफाई, सुरक्षा, ड्यूटी व्यवस्था और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. गर्भवती महिला और नवजात की मौत, जिंदा व्यक्ति को मृत बताने और मरीज के शरीर में कीड़े लगने जैसे मामलों के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं. कलेक्टर ने कहा कि आने वाले दिनों में व्यवस्थाओं में सुधार दिखना चाहिए और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के अमहिया आवास में घुसी भीड़, नकाबपोश संदिग्ध दिखने से बढ़ी चिंता
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
