Rewa News: स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, वाटर कैनन और आंसू गैस से रोके गए कार्यकर्ता
Rewa News: रीवा में स्वास्थ्य विभाग की कथित लापरवाही, अनियमितताओं और बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया. मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कॉलेज चौराहा स्थित विवेकानंद पार्क में एकत्र हुए. यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था की प्रतीकात्मक अर्थी तैयार की और उसे लेकर उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के अमहिया स्थित आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े.

बैरिकेडिंग पर पुलिस से झड़प
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कॉलेज चौराहा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी. कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग की गई, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उसे पार करने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बन गई. कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया.
वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इसके बावजूद जब प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें पुलिस वाहनों के जरिए मौके से रवाना किया गया.
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह दादू ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था की अर्थी तैयार कर प्रदर्शन किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है. उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को बदहाल बताते हुए मरीजों की परेशानियों और नर्सिंग विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा. कांग्रेस नेता ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को लेकर पार्टी आगे भी अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी.
स्वास्थ्य मंत्री के आवास का घेराव था मकसद
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग में लगातार लापरवाही और अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे मरीजों को इलाज के दौरान परेशानी उठानी पड़ रही है. नर्सिंग विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे भी लंबे समय से उठाए जा रहे हैं. इन्हीं समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री के आवास का घेराव करने का फैसला किया था. प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और काफी देर तक सड़क पर नारेबाजी व हंगामे की स्थिति बनी रही.
यह भी पढ़ें : Rewa News: संजय गांधी अस्पताल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, 300 में 190 कर्मचारी मिले मौजूद
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
