Rewa News: श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में प्रमोशन लिस्ट पर विवाद, नर्सिंग और कर्मचारियों के रिकॉर्ड लेकर भोपाल पहुंचे अधिकारी
Rewa News: रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और नर्सिंग स्टाफ की पदोन्नति प्रक्रिया विवादों में घिर गई है. तय समय पर प्रमोशन लिस्ट तैयार नहीं होने के कारण मामला अब संचालनालय चिकित्सा शिक्षा भोपाल पहुंच गया है. संचालनालय ने मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी रिकॉर्ड के साथ 17 जुलाई को भोपाल तलब किया है, जहां वरिष्ठता सूची और पदोन्नति अनुसूची का परीक्षण किया जाएगा.
डॉक्टरों की सूची जारी, कर्मचारियों की पदोन्नति अटकी
प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद सभी मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू की गई थी, श्याम शाह मेडिकल कॉलेज ने डॉक्टरों की पदोन्नति सूची समय पर तैयार कर भोपाल भेज दी, जिसके बाद उनके प्रमोशन आदेश जारी हो गए. लेकिन नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की सूची अब तक तैयार नहीं हो सकी है.
वरिष्ठता सूची में सामने आईं विसंगतियां
जानकारी के अनुसार, कई कर्मचारियों के नाम वरिष्ठता सूची में शामिल ही नहीं हैं. वहीं, कुछ कर्मचारियों को किस पद पर पदोन्नति दी जानी है, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है, इसी वजह से पदोन्नति सूची तैयार करने में लगातार देरी हो रही है. कर्मचारियों ने इस मामले की शिकायत चिकित्सा शिक्षा संचालनालय तक पहुंचाई थी.
भोपाल में होगी रिकॉर्ड की जांच
संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के वरिष्ठ संयुक्त संचालक ने सभी मेडिकल कॉलेजों के डीन को निर्देश जारी किए हैं कि पदोन्नति से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी सभी आवश्यक रिकॉर्ड तथा प्रस्तावों की दो प्रतियों के साथ भोपाल पहुंचें, संचालनालय स्तर पर गैर-शैक्षणिक संवर्ग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की अनुसूचियों का मिलान, परीक्षण और संशोधन किया जाएगा. इसके बाद नई पदोन्नति सूची तैयार कर आदेश जारी किए जाएंगे.
कर्मचारियों में बढ़ा आक्रोश
मेडिकल कॉलेज में पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. उनका आरोप है कि प्रमोशन सूची पारदर्शी तरीके से तैयार नहीं की जा रही है और यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा कि सूची में किन कर्मचारियों के नाम शामिल हैं, इसी कारण कर्मचारियों के बीच असंतोष का माहौल बना हुआ है, इसी बीच श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के डीन अवकाश पर चले गए हैं. उनके स्थान पर डॉ. प्रियंक शर्मा को प्रभार सौंपा गया है, अब कर्मचारियों की निगाहें भोपाल में होने वाली जांच पर टिकी हैं. उम्मीद की जा रही है कि वरिष्ठता सूची की विसंगतियां दूर होने के बाद नर्सिंग स्टाफ और तृतीय-चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी हो सकेगी.
यह भी पढ़ें : MP News: विदिशा का मानोरा बना आस्था का केंद्र, 300 साल पुरानी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में उमड़ते हैं लाखों श्रद्धालु
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










