Rewa News: रीवा के गोविंदगढ़ तालाब में मिला अज्ञात युवक का शव, एक हाथ गायब मिलने से कई सवाल, जांच में जुटी पुलिस
Rewa News: रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र स्थित गोविंदगढ़ तालाब में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है. शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

तालाब किनारे मिला युवक का सामान
पुलिस के अनुसार, युवक का शव तालाब से बरामद हुआ. शव पर कोई कपड़ा नहीं था. वहीं घाट के पास मृतक का सामान मिला है, जिसमें एक नीले रंग की जींस, दो रंगों की टी-शर्ट और एक जोड़ी चप्पल शामिल है. टी-शर्ट का दाहिना हिस्सा कत्थई और बायां हिस्सा सफेद रंग का है. पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है.

एक हाथ गायब, मगरमच्छ के हमले की आशंका
प्रारंभिक जांच में शव का एक हाथ गायब मिला है. इसे देखते हुए तालाब में मगरमच्छ के हमले की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पहचान के लिए सभी थानों को भेजी सूचना
मृतक की पहचान नहीं होने पर गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने रीवा जिले के सभी थाना प्रभारियों को सूचना भेजी है. पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी थाने में इस हुलिए के युवक की गुमशुदगी दर्ज है या किसी व्यक्ति के पास उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी है, तो तत्काल गोविंदगढ़ थाना या रीवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें, फिलहाल पुलिस युवक की शिनाख्त करने और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में सिविल लाइन थाने के सामने युवक से मारपीट, पैसों के विवाद में दोनों पक्ष आमने-सामने
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










