Rewa News: महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ के आरोप में मेडिसिन विभाग के HOD हटाए गए, चार सदस्यीय जांच समिति गठित
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा स्थित श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. मेडिसिन विभाग के तत्कालीन विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुलकर पर एक महिला डॉक्टर ने आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और निजी जीवन में दखल देने के आरोप लगाए हैं. शिकायत सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें HOD की जिम्मेदारी से हटा दिया है. उनकी जगह डॉ. अनुराग चौरसिया को विभागाध्यक्ष बनाया गया है.

कॉल रिकॉर्डिंग में आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप
महिला डॉक्टर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि डॉ. इंदुलकर उनके पहनावे को लेकर लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियां करते थे. शिकायत के मुताबिक, उन्होंने कपड़ों का साइज पूछते हुए नए कपड़े दिलाने की बात कही थी. इसके अलावा काजल और क्रीम कलर के कुर्ते में खूबसूरत दिखने जैसी बातें भी कही गईं. महिला डॉक्टर ने इन कथित बातचीत के प्रमाण के तौर पर कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है.
घर के पास जाकर गिफ्ट देने की कोशिश का भी आरोप
महिला डॉक्टर का कहना है कि डॉ. इंदुलकर उनके पहनावे के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी टिप्पणी करते थे. उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर कई बार उन्हें असहज करने वाली बातें कहते थे और घर के आसपास जाकर उपहार देने की कोशिश भी की गई. महिला डॉक्टर के अनुसार, आरोपी डॉक्टर ने उनसे यह भी कहा था कि वे उन्हें प्रथम वर्ष से पसंद करते हैं. इन घटनाओं से परेशान होकर उन्होंने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया.
अमहिया थाने में दर्ज कराई लिखित शिकायत
मामले को लेकर महिला डॉक्टर शनिवार रात अमहिया थाने पहुंचीं और डॉ. मनोज इंदुलकर के खिलाफ लिखित शिकायत दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी के मुताबिक, महिला डॉक्टर की शिकायत थाने में प्राप्त हुई है. पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
मेडिकल स्टूडेंट्स और जूनियर डॉक्टरों ने किया प्रदर्शन
घटना को लेकर मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों और जूनियर डॉक्टरों में भी नाराजगी देखने को मिली. रविवार रात छात्रों और जूनियर डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन किया, जो देर रात तक जारी रहा. प्रदर्शनकारियों ने मामले में उचित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई. विवाद बढ़ने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने डॉ. इंदुलकर को विभागाध्यक्ष पद से हटाने का निर्णय लिया.
डॉक्टर ने आरोपों को नकारा
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. शशिधर गर्ग ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है. समिति को पूरे घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. प्रबंधन ने शुरुआती तौर पर डॉ. इंदुलकर को 28 नवंबर तक अवकाश पर भेजने का फैसला लिया था. वहीं, डॉ. इंदुलकर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है. उनका दावा है कि संबंधित महिला डॉक्टर के खिलाफ अनुशासनहीनता के मामले में कार्रवाई की जा रही थी, इसी वजह से उनके खिलाफ शिकायत की गई है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: सिरमौर में शिक्षक का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, हत्या की आशंका जताकर परिजनों ने किया चक्काजाम
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Rewa News: महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ के आरोप में मेडिसिन विभाग के HOD हटाए गए, चार सदस्यीय जांच समिति गठित”