Rewa News: रीवा में बाढ़ के बाद दूसरी मौत, पेड़ में फंसा मिला 10-12 साल की बच्ची का शव
Rewa News: रीवा में बाढ़ के बाद एक और शव मिलने से हड़कंप मच गया. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के करहिया घाट में बीहर नदी का जलस्तर कम होने के बाद नदी किनारे एक पेड़ में शव फंसा हुआ दिखाई दिया. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सीएसपी रितु उपाध्याय सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा. एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया.

कचरे के बीच फंसा था शव
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को पेड़ से नीचे उतारा. नदी की ओर झुके पेड़ में बड़ी मात्रा में कचरा फंसा हुआ था और इसी के बीच शव भी अटका हुआ था. शव काफी खराब हालत में था, जिससे उसे नीचे उतारने में भी परेशानी हुई. जांच के बाद सामने आया कि शव एक बच्ची का है, जिसकी उम्र करीब 10 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है.
पुलिस ने अस्पताल भेजा शव
शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और आगे की जांच के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अब बच्ची की पहचान और उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है. आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है, ताकि बच्ची के बारे में कोई सुराग मिल सके.
गुमशुदगी की शिकायत से जुड़ रहा मामला
पुलिस जांच के दौरान सामने आया है कि दो दिन पहले सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बच्ची के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नदी में मिला शव उसी बच्ची का हो सकता है. हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
बाढ़ के बाद दूसरी मौत से बढ़ी चिंता
बीहर नदी में आई बाढ़ के बाद यह दूसरी मौत बताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है. जलस्तर कम होने के बाद नदी किनारे और आसपास के इलाकों में तलाशी एवं निगरानी का महत्व और बढ़ गया है. पुलिस शव की पहचान के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि बच्ची नदी तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.
यह भी पढ़ें : Rewa News: बीहर नदी का रिवर फ्रंट बाढ़ में तबाह, अधूरी प्लानिंग पर उठे सवाल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
