Sidhi News: बगैहा की सड़क के लिए फिर शुरू हुआ आंदोलन, लीला साहू और ग्रामीण धरने पर बैठे
Sidhi News: सीधी जिले के ग्राम बगैहा में सड़क निर्माण की मांग को लेकर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर लीला साहू और ग्रामीणों ने एक बार फिर आंदोलन शुरू कर दिया है. सोमवार 14 सितंबर को दोपहर 12 बजे सड़क किनारे धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ. आंदोलनकारियों ने साफ किया है कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने तक उनका धरना जारी रहेगा.

10.30 किलोमीटर सड़क का इंतजार
ग्रामीणों के मुताबिक बगैहा क्षेत्र में करीब 10.30 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण लंबे समय से अटका हुआ है. इस रास्ते के दोनों ओर सड़कें बनी हुई हैं, लेकिन बीच में पड़ने वाले करीब 7 से 8 गांव आज भी पक्की सड़क से वंचित हैं. यह मार्ग चुरहट और धौहनी विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क रास्ता भी माना जाता है. सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

दो साल से अधिकारियों के चक्कर लगाने का दावा
लीला साहू का कहना है कि सड़क की मांग को लेकर वह करीब दो वर्षों से लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रही हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों तक अपनी बात पहुंचाने का दावा किया है. इस दौरान कई बार ज्ञापन सौंपे गए और सड़क निर्माण का भरोसा भी मिला, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका.
स्वीकृति के दावे के बाद भी नहीं बदले हालात
लीला साहू के अनुसार सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की ओर से सड़क को स्वीकृति मिलने की बात कही गई थी, लेकिन करीब दो साल बीतने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ. उनका कहना है कि ग्रामीणों ने लगातार दो बारिश का मौसम खराब रास्ते के सहारे गुजारा है. बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और बिगड़ जाती है, जिससे गांवों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है. अब ग्रामीणों ने तय किया है कि केवल आश्वासन के भरोसे आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा.
‘ओ मोदी जी… रोड बनवाई देई’ से मिली पहचान
लीला साहू सीधी जिले के खड्डी खुर्द क्षेत्र के बगैहा टोला की रहने वाली बघेली सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हैं. वर्ष 2024 में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने बघेली अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गांव की सड़क बनवाने की अपील की थी. ‘ओ मोदी जी, एमपी से 29 की 29 सीट जीते हैं, हमरे ईहन की रोड ते बनवाई देई…’ वाला उनका संवाद खूब चर्चित हुआ था. इसके बाद से लीला साहू अपने गांव की सड़क की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाती रही हैं और अब उन्होंने ग्रामीणों के साथ दोबारा धरना शुरू किया है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: संजय गांधी अस्पताल के पोस्टमॉर्टम विवाद पर सियासी संग्राम, जनार्दन मिश्रा ने अभय मिश्रा को घेरा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
