SING फोरम 2026: छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,250 करोड़ के FDI प्रस्ताव, CM साय ने बढ़ाया राज्य का मान
SING फोरम 2026: छत्तीसगढ़ ने भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर सिंगापुर में आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य को ₹43,250 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुई हैं.

100 MW का एआई-डेटा सेंटर कैंपस
इस भारी निवेश में सबसे बड़ा हिस्सा सिंगापुर मुख्यालय वाली ‘एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड’ का है, जो छत्तीसगढ़ में ₹41,750 करोड़ की लागत से 100 मेगावाट (MW) क्षमता का ‘एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस’ विकसित करेगी. मुख्यमंत्री साय ने फोरम में कंपनी को आधिकारिक ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ (Invitation to Invest) सौंपा. एनर्जी कैपिटल ग्लोबल एशिया-प्रशांत क्षेत्र (सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया) में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े एआई डेटा सेंटर्स का विकास और वित्तपोषण करती है.

मध्य भारत का सबसे बड़ा एआई-कैंपस
समझौते पर एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा, “एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जिस ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति की आवश्यकता है, वह आज छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है. यह एमओयू एक दीर्घकालिक साझेदारी की शुरुआत है. हम मध्य भारत में सबसे बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने, राज्य में अंतरराष्ट्रीय पूंजी व विशेषज्ञता लाने तथा इसके संचालन के लिए छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में आगे बढ़ने को लेकर उत्साहित हैं.”

ग्रीन एनर्जी में ₹1,500 करोड़ का निवेश
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ हरित ऊर्जा (Green Energy) के क्षेत्र में भी राज्य को बड़ी सफलता मिली है. राज्य को ‘सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड’ से सोलर प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ संबंधित बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के निर्माण के लिए ₹1,500 करोड़ का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रस्ताव प्राप्त हुआ है. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं राज्य की नीतियों, संभावनाओं और छत्तीसगढ़ के लोगों के प्रति अंतरराष्ट्रीय विश्वास का प्रमाण हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे.

‘रिफॉर्म एक्सप्रेस‘ से ₹8 लाख करोड़ के प्रस्ताव
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित फायरसाइड चैट में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “हम बंद कमरों में चर्चा करके सुधार नहीं लाते. हम सीधे उद्योग जगत से उनकी कठिनाइयों के बारे में पूछते हैं और उसके अनुरूप अपनी व्यवस्थाओं में बदलाव करते हैं. 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और यह ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ तब तक नहीं रुकेगी, जब तक लोग स्वयं यह न कहें कि अब और सुधार की आवश्यकता नहीं है.” उन्होंने बताया कि इसी सक्रिय सरकार और प्रगतिशील औद्योगिक नीति के चलते केवल 18 महीनों में छत्तीसगढ़ को ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं.
वैश्विक दिग्गजों के साथ रणनीतिक बैठकें
फोरम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंगापुर सरकार की विदेश तथा व्यापार एवं उद्योग राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग शामिल हुईं, जिन्होंने भारतीय राज्यों के साथ आर्थिक संबंधों को गहरा करने के महत्व को रेखांकित किया. इसके अलावा मास्टरकार्ड, IHCL (ताज होटल्स) और नेस्ले जैसी वैश्विक कंपनियों के शीर्ष नेतृत्व ने कार्यक्रम को संबोधित किया. फोरम के इतर CM साय ने ‘एक्वाटेक’ (इंडस्ट्रियल वेस्ट-वॉटर रीसाइक्लिंग) और ‘एड्रॉइट ओवरसीज’ (फूड प्रोसेसिंग) के साथ अलग-अलग रणनीतिक बैठकें कीं. मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर 2026 को ‘CEO राउंडटेबल’ में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों व निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर इस निवेश की गति को आगे बढ़ाएंगे.
यह भी पढ़ें : CG News: धमतरी के ओन्हाकोना में उमड़ी पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भीड़, त्र्यंबकेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










