Sidhi News: सीधी में मेडिकल स्टोर सील, जांच में मिलीं एक्सपायरी दवाएं और अवैध उपचार के आरोप
Sidhi News: सीधी जिले के सेमरिया बाजार में शनिवार शाम प्रशासन ने एक मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई कर उसे सील कर दिया। संयुक्त जांच के दौरान दुकान से एक्सपायरी और संदिग्ध गुणवत्ता वाली दवाएं मिलने के साथ-साथ बिना अनुमति मरीजों के इलाज किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं, कार्रवाई के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।

जांच में मिलीं एक्सपायरी और संदिग्ध दवाएं
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से बड़ी मात्रा में एक्सपायरी डेट और संदिग्ध दवाएं बरामद कीं। अधिकारियों ने इन दवाओं को जब्त कर लिया है और उनकी विस्तृत जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी, जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मेडिकल स्टोर में कथित रूप से एक व्यक्ति मरीजों का इलाज कर रहा था और उन्हें दवाओं के प्रिस्क्रिप्शन भी दे रहा था। अधिकारियों के अनुसार यदि यह तथ्य जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।

शिकायतों के आधार पर हुई कार्रवाई
डॉ. शिवेंद्र पटेल ने बताया कि विभाग को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध दवा बिक्री और बिना अनुमति चिकित्सा गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, इन्हीं शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई, अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित मेडिकल स्टोर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि जब्त दवाओं की जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद संचालक एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाजार में मची हलचल
प्रशासनिक टीम के बाजार पहुंचते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि कई मेडिकल स्टोर संचालकों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें बंद कर दीं, वहीं, जिस मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई हुई, उसका संचालक कार्रवाई की सूचना मिलते ही कथित रूप से मौके से चला गया। प्रशासन मामले की आगे जांच कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की सख्त चेतावनी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति इलाज, अवैध दवा बिक्री और एक्सपायरी दवाओं के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में अवैध जुए का वीडियो वायरल, शहर के बीचोंबीच चल रहे कथित जुआ कारोबार पर मचा हड़कंप
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
