Rewa News: सिलपरा डैम में दो लोग लापता, परिजनों ने किया चक्का जाम
Rewa News: रीवा जिले के सिलपरा डैम और उससे जुड़ी नहर में लापता दो लोगों की तलाश अब भी जारी है। 18 मई से गायब युवक अरुण कुमार विश्वकर्मा और 3 जून को डैम में डूबे सेना के जवान गौरव द्विवेदी का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। कई दिनों से चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद सफलता नहीं मिलने से परिजनों की चिंता और नाराजगी बढ़ती जा रही है।

18 मई से लापता है अरुण विश्वकर्मा
जानकारी के अनुसार अरुण कुमार विश्वकर्मा 18 मई की रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। घटना के तीन दिन बाद सिलपरा नहर के किनारे उनकी बाइक और चप्पल लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद नहर में डूबने की आशंका के चलते पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने तलाश शुरू की।

दो बार बंद किया गया नहर का पानी
अरुण की तलाश के लिए नहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। खोज अभियान को आसान बनाने के लिए नहर का पानी दो बार बंद भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद कोई सफलता हाथ नहीं लगी, दूसरी ओर, 3 जून को बघवार गांव निवासी 28 वर्षीय सेना के जवान गौरव द्विवेदी सिलपरा डैम में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए थे। घटना के बाद पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी जवान का कोई पता नहीं चल सका है।
परिजनों ने किया चक्का जाम
दोनों मामलों में लंबे समय तक कोई सफलता नहीं मिलने पर रविवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने सड़क पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शुरुआती दिनों में खोज अभियान में पर्याप्त संसाधन और सहयोग नहीं मिला, जिससे महत्वपूर्ण समय बर्बाद हुआ।
NDRF की विशेष टीम संभालेगी मोर्चा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने वाराणसी से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की विशेष टीम को रीवा बुलाया है। टीम ने मौके पर पहुंचकर सिलपरा डैम और नहर क्षेत्र का निरीक्षण शुरू कर दिया है, अधिकारियों के मुताबिक NDRF के विशेषज्ञ गोताखोरों और आधुनिक खोज उपकरणों की मदद से सर्च ऑपरेशन को और प्रभावी बनाया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि नई तकनीक और विशेषज्ञ टीम की मदद से दोनों मामलों में जल्द कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है।
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा के व्यस्त मृगनैनी चौराहे पर बीच सड़क बवाल, CCTV में कैद हुई मारपीट और तोड़फोड़ की वारदात
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
