Rewa News: रीवा संभाग में गर्भवती महिलाओं पर एनीमिया का खतरा, 2 हजार से अधिक महिलाओं का हीमोग्लोबिन 7 ग्राम से नीचे
Rewa News: रीवा संभाग में गर्भवती महिलाओं के बीच गंभीर रक्ताल्पता (एनीमिया) एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बनकर सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार संभाग में 2 हजार से अधिक गर्भवती महिलाएं गंभीर एनीमिया की शिकार हैं। इन महिलाओं का हीमोग्लोबिन स्तर 7 ग्राम प्रति डेसीलीटर से भी कम पाया गया है, जो मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के लिए बेहद खतरनाक स्थिति मानी जाती है।
रीवा जिले में सबसे ज्यादा मामले
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रीवा जिले में सबसे अधिक 884 गर्भवती महिलाएं गंभीर रक्ताल्पता से पीड़ित हैं। इसके अलावा सतना जिले में 567, सीधी में 303 और सिंगरौली जिले में 246 महिलाओं को गंभीर एनीमिया की श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इन आंकड़ों ने संभाग की स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है, जानकारी के मुताबिक गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं के उपचार और प्रबंधन के मामले में रीवा संभाग प्रदेश में सबसे निचले पायदान पर है। समय पर जांच और उपचार नहीं मिलने से स्थिति और अधिक चिंताजनक बनती जा रही है।
डिलीवरी के समय चलती है बीमारी की जानकारी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कई महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान एनीमिया का पता ही नहीं चल पाता। अधिकांश मामलों में जब महिला प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचती है, तब गंभीर खून की कमी सामने आती है। इससे प्रसव के दौरान जटिलताओं और मातृ मृत्यु का खतरा कई गुना बढ़ जाता है, विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक कमजोरी, लगातार थकान, चक्कर आना, सांस फूलना, सिरदर्द और शरीर का पीला पड़ जाना एनीमिया के प्रमुख लक्षण हैं। समय रहते जांच और इलाज न मिलने पर यह स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है।
डिप्टी सीएम ने दिए कार्रवाई के संकेत
मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि ‘एनीमिया मुक्त भारत’ अभियान के तहत पूरे देश में काम किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश देने की बात कही है। साथ ही किशोरियों और महिलाओं को पोषण एवं खून की कमी के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया है।
यह भी पढ़ें : Rewa News: डभौरा स्टेशन के पास अहमदाबाद-पटना एक्सप्रेस से गिरा यात्री, गंभीर हालत में रीवा अस्पताल में भर्ती
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
