MP News: ग्वालियर के तिघरा डैम में MBBS सेकंड ईयर के दो छात्रों की डूबने से मौत, SDRF ने बरामद किए शव
MP News: ग्वालियर के गजराराजा मेडिकल कॉलेज के MBBS सेकंड ईयर के दो छात्रों की शनिवार शाम तिघरा डैम में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों छात्र पिकनिक के दौरान संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए थे। प्रशासन और SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए हैं।

दोस्तों के साथ पहुंचे थे तिघरा डैम
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के 8 छात्रों का एक ग्रुप शनिवार शाम तिघरा डैम पहुंचा था। ये सभी बोट क्लब से करीब 3 किलोमीटर दूर ‘कच्ची पार’ इलाके में चले गए थे, जहां आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है। शाम करीब 7 बजे दो छात्र—आयुष श्रीवास्तव और गोपाल अग्रवाल—पानी में उतर गए, जहां उनका पैर फिसल गया और दोनों गहराई में समा गए।
किनारे पर मिले कपड़े, बढ़ी आशंका
घटना के बाद जब साथी छात्रों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया तो किनारे पर दोनों के जूते और कपड़े व्यवस्थित रखे मिले। इसके बाद अनहोनी की आशंका गहराई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर सीएसपी कृष्णपाल सिंह, पुलिस बल, SDRF और गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, रेस्क्यू टीम ने देर रात गोपाल अग्रवाल का शव बरामद किया, जबकि दूसरे छात्र आयुष श्रीवास्तव का शव रविवार दोपहर करीब 2 बजे 50 फीट गहराई में पत्थरों और झाड़ियों के बीच फंसा हुआ मिला।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक छात्र गोपाल अग्रवाल (बीना, सागर) अपने परिवार में सबसे छोटे थे और पढ़ाई में काफी होशियार बताए जा रहे हैं। उन्होंने 2024 में पहली ही कोशिश में NEET परीक्षा पास कर डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने ग्वालियर का रुख किया था। वहीं दूसरे छात्र आयुष श्रीवास्तव बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे।
मेडिकल कॉलेज में शोक की लहर
घटना के बाद गजराराजा मेडिकल कॉलेज में शोक का माहौल है। कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने कहा कि यह संस्थान के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि होनहार छात्रों का इस तरह जाना बेहद दुखद है और पूरे कॉलेज परिवार पर इसका गहरा असर पड़ा है।
यह भी पढ़ें : MP News: केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया जबलपुर दौरा, फ्लाईओवर निरीक्षण से ज्यादा चर्चा में रहा बड़ा वीआईपी काफिला
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
