Rewa News: रीवा-सिंगरौली रेलवे लाइन परियोजना में तेजी, अतिक्रमण हटेगा, मुआवजा मिलेगा, बिजली लाइन होगी शिफ्ट
Rewa News: रीवा-सिंगरौली रेलवे लाइन परियोजना को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. लंबे समय से विभिन्न कारणों से अटकी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अब तेज रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है. परियोजना में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके तहत अवैध कब्जे हटाए जाएंगे, लंबित मुआवजा वितरित किया जाएगा और निर्माण में बाधा बन रही बिजली की ट्रांसमिशन लाइनों को भी शिफ्ट किया जाएगा.
सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य
रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेलवे परियोजना से जुड़ी सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए. उन्होंने विशेष रूप से रामपुर नैकिन रेलवे प्रोजेक्ट को सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य तय करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया, बैठक में रीवा, सीधी और सिंगरौली जिलों में चल रहे रेलवे लाइन निर्माण कार्य की समीक्षा की गई. जिन स्थानों पर भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण, अतिक्रमण या अन्य तकनीकी कारणों से काम रुका हुआ है, वहां तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

रीवा और सीधी में जमीन संबंधी काम तेज
रीवा जिले के बांसा और रौरा गांवों में प्रस्तावित दो रोड ओवर ब्रिज के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है. वहीं सीधी जिले के झांझ, रायखोर, पटेहरा और मझियार गांवों में लंबित राजस्व मामलों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सके.
अवैध निर्माण हटेंगे, रुका निर्माण होगा शुरू
समीक्षा बैठक में सिंगरौली जिले में अधिग्रहित भूमि पर किए गए अवैध निर्माण का मामला भी सामने आया. कमिश्नर ने ऐसे सभी निर्माण हटाने और नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए. वहीं सीधी जिले के नौढिया गांव में रेलवे की अधिग्रहित भूमि पर बने कच्चे मकानों के कारण रुके निर्माण कार्य को पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी कर जल्द शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए.
बिजली लाइन होगी शिफ्ट
रेलवे लाइन के रास्ते में आ रही विद्युत ट्रांसमिशन लाइनों और अन्य संरचनाओं को भी हटाया जाएगा. बहरी तहसील के कई गांवों में लंबित मुआवजा वितरण पूरा करने, 89 बाधक संरचनाओं को हटाने और 132 तथा 220 केवी बिजली लाइनों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं.
रेल परियोजना को मिलेगी नई रफ्तार
कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि भू-अभिलेख से जुड़ी सभी विसंगतियों का जल्द समाधान किया जाए, ताकि रीवा-सिंगरौली रेलवे लाइन परियोजना निर्धारित समय में पूरी हो सके. माना जा रहा है कि इन फैसलों के बाद लंबे समय से प्रतीक्षित इस रेल परियोजना को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को जल्द बेहतर रेल सुविधा का लाभ मिलेगा.
यह भी पढ़ें : Rewa News: NEET पेपर लीक के विरोध में रीवा में NSUI का उग्र प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय घेरने पहुंचे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










