Rewa News: रीवा के चायवाले के बेटे सलमान ने NEET में हासिल की 2221वीं रैंक, संघर्ष से सफलता तक की प्रेरक कहानी
Rewa News: कहते हैं कि मजबूत इरादे और मेहनत के आगे मुश्किलें भी छोटी पड़ जाती हैं. मध्य प्रदेश के रीवा जिले से ऐसी ही प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है. नगर निगम के सामने चाय की दुकान चलाने वाले शहबान के बेटे सलमान ने NEET परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 640 अंक हासिल किए हैं. सलमान ने ऑल इंडिया स्तर पर 2221वीं रैंक प्राप्त कर अपने परिवार और पूरे रीवा जिले का नाम रोशन किया है.

आर्थिक संघर्ष के बीच हासिल की बड़ी सफलता
सलमान के पिता शहबान रीवा नगर निगम के सामने चाय का ठेला लगाते हैं, जबकि उनकी मां सितारा देवी गृहिणी हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति सीमित होने के बावजूद शहबान ने अपने बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. उन्होंने मेहनत कर अपने दोनों बेटों सलमान और शहजान को अच्छे स्कूल में पढ़ाया और बेहतर शिक्षा के लिए कोचिंग की व्यवस्था भी की.
पिता का सपना, बेटा बनेगा डॉक्टर
शहबान बताते हैं कि एक समय ऐसा भी था जब परिवार के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल था, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं छोड़ी. नगर निगम में आने वाले अधिकारियों और पढ़े-लिखे लोगों को देखकर उनके मन में हमेशा इच्छा थी कि उनके बच्चे भी पढ़-लिखकर बड़ा मुकाम हासिल करें. इसी सोच ने सलमान को डॉक्टर बनने की राह पर आगे बढ़ाया.

MBBS के बाद कार्डियोलॉजी में करना चाहते हैं विशेषज्ञता
NEET में सफलता हासिल करने वाले सलमान का सपना अब MBBS की पढ़ाई पूरी कर कार्डियोलॉजी यानी हृदय रोग विशेषज्ञ बनने का है. वह आगे चलकर चिकित्सा क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल कर लोगों की सेवा करना चाहते हैं.
बेटे की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल
NEET रिजल्ट आने के बाद सलमान के घर में खुशी का माहौल छा गया. बेटे की सफलता पर मां सितारा देवी की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े. वहीं पिता शहबान ने खुशी के साथ अपनी जिम्मेदारियों को भी याद रखा. उनका कहना है कि अब बेटे की आगे की पढ़ाई के लिए और ज्यादा मेहनत करनी होगी, और वह हर संभव प्रयास करेंगे ताकि सलमान डॉक्टर बनने का अपना सपना पूरा कर सके.
छोटे भाई का भी बड़ा सपना
सलमान के छोटे भाई शहजान भी बड़े सपने लेकर आगे बढ़ रहे हैं. उनका लक्ष्य UPSC परीक्षा पास कर IAS या IPS अधिकारी बनना है. परिवार की मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण अब दोनों भाइयों के सपनों को नई दिशा दे रहा है.
मेहनत और हौसले की मिसाल बना सलमान
सलमान की कहानी साबित करती है कि आर्थिक चुनौतियां सफलता की राह को रोक नहीं सकतीं. सही मार्गदर्शन, परिवार का सहयोग और लगातार मेहनत के दम पर साधारण परिवार से आने वाला युवा भी बड़े सपनों को पूरा कर सकता है
यह भी पढ़ें : Rewa News: गुढ़ नगर परिषद अध्यक्ष अर्चना सिंह का बड़ा धमाका, विधायक नागेन्द्र सिंह पर लगाए गंभीर आरोप
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









