CG News: छत्तीसगढ़ में 20 साल का मास्टर प्लान तैयार होगा, सड़क, ऊर्जा और डिजिटल कनेक्टिविटी पर फोकस
CG News: छत्तीसगढ़ में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मजबूत और एकीकृत अधोसंरचना विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. इसके लिए छत्तीसगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत लंबी अवधि की कार्ययोजना तैयार की जाएगी. मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में मिशन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई. लोक निर्माण विभाग को इस मिशन का नोडल विभाग बनाया गया है. बैठक में सड़क, ऊर्जा, जल, सिंचाई, संचार और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों को एक साथ विकसित करने पर जोर दिया गया.

रोड नेटवर्क के लिए बनेगा 20 साल का मास्टर प्लान
मुख्य सचिव ने प्रदेश के सड़क नेटवर्क के लिए अगले 20 वर्षों का मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं. इसमें मौजूदा सड़कों और अन्य अधोसंरचना की स्थिति के साथ भविष्य की जरूरतों, कनेक्टिविटी और संभावित विकास क्षेत्रों का आकलन किया जाएगा. इसके आधार पर जरूरी परियोजनाओं की प्राथमिकता तय होगी और उन्हें अलग-अलग चरणों में पूरा करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी. इसके साथ ही हर वर्ष के लिए अलग एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं.
सड़क के साथ ऊर्जा और डिजिटल नेटवर्क पर भी फोकस
बैठक में स्पष्ट किया गया कि प्रदेश का इंफ्रास्ट्रक्चर विकास सिर्फ सड़क निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा. ऊर्जा, जल, सिंचाई, संचार और फाइबर नेटवर्क को भी एकीकृत योजना के तहत विकसित किया जाएगा. अलग-अलग क्षेत्रों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों का आकलन कर यह तय किया जाएगा कि आने वाले वर्षों में किस इलाके में किस तरह की अधोसंरचना की आवश्यकता होगी. इससे विकास परियोजनाओं की बेहतर प्लानिंग और मैपिंग पर जोर रहेगा.
इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब की तैयारी
प्रदेश में इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा. इसके तहत सड़क और रेल सहित अलग-अलग परिवहन माध्यमों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की योजना पर काम होगा. माल परिवहन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जरूरी परियोजनाओं की पहचान की जाएगी. इसके साथ ही अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए निजी और सार्वजनिक निवेश समेत नए फंडिंग मॉडल की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा.
दूसरे राज्यों की परियोजनाओं से सीखेंगे अधिकारी
छत्तीसगढ़ में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए दूसरे राज्यों की आधुनिक परियोजनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा. अधिकारियों के एक्सपोजर विजिट आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वहां इस्तेमाल की जा रही तकनीक और कार्यप्रणाली को छत्तीसगढ़ की जरूरतों के अनुसार अपनाया जा सके. मिशन के तहत 20 साल के मास्टर प्लान के साथ हर साल के कार्यों, प्राथमिकताओं, संसाधनों और समयसीमा को तय किया जाएगा. सरकार का फोकस संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने पर रहेगा.
यह भी पढ़ें : CG News: PWD की ई-टेंडरिंग में बड़ा बदलाव, 1 अक्टूबर से नए पोर्टल पर होंगे सभी नए टेंडर
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










