Sidhi News: सीधी के PWD और सेतु निर्माण कार्यालय में मिली शराब की खाली बोतलें, AAP और शिवसेना ने उठाए सवाल
Sidhi News: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में लोक निर्माण विभाग यानी PWD के संभागीय कार्यालय और सेतु निर्माण विभाग में शराब की खाली बोतलें मिलने का मामला सामने आया है. कार्यालयों में दस्तावेज भी बिखरे हुए पाए गए. बुधवार को आम आदमी पार्टी और शिवसेना ने इस मामले को लेकर विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठाए और कार्रवाई की मांग की. वहीं PWD की मुख्य कार्यपालन यंत्री दिव्यांसी सिंह ने मामले की जांच कराने की बात कही है.

PWD कार्यालय में देर रात शराब पार्टी का आरोप
आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव राम चरण सोनी ने आरोप लगाया कि PWD कार्यालय में देर रात शराब पार्टी होती है. उन्होंने ठेकेदारों और बाहरी लोगों के नोटों के बंडल लेकर कार्यालय पहुंचने और शराब की बोतलों के बीच कथित लेन-देन होने के आरोप भी लगाए. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, कार्यालय में मौजूद लेखपाल से जब शराब की खाली बोतलों के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया. उन्होंने कथित तौर पर कहा, “हां, हम लोगों ने ही यह शराब पी है.” इतना कहने के बाद वह वहां से चले गए.
सेतु निर्माण विभाग के कर्मचारी ने भी दिया बयान
सेतु निर्माण विभाग में पदस्थ रामखेलावन केवट ने कहा कि पिछले चार दिनों से कोई अधिकारी या कर्मचारी कार्यालय देखने नहीं आया है. उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि वह शराब पीकर कार्यालय आते हैं और कोई अधिकारी या कर्मचारी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता. इस बयान के बाद विभागीय कार्यालयों की निगरानी और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

शिवसेना ने दस्तावेजों की स्थिति पर उठाए सवाल
शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने आरोप लगाया कि विभागीय कार्यालयों में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने मौके पर महत्वपूर्ण दस्तावेज जले हुए मिलने, कुछ कागजात फेंके होने और चेक इधर-उधर पड़े होने का दावा किया. उन्होंने कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर जांच और कार्रवाई कराने की मांग की.
मुख्य कार्यपालन यंत्री ने जांच का दिया भरोसा
PWD की मुख्य कार्यपालन यंत्री दिव्यांसी सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है. कार्यालय में शराब की बोतलें मिलने की जांच कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि उनके पास तीन जिलों का प्रभार है, इसलिए वह हर समय कार्यालय में मौजूद नहीं रह पातीं. कार्यालय में पदस्थ SDO और इंजीनियरों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसी गतिविधियों पर नजर रखें, फिलहाल विभागीय कार्यालयों में शराब की खाली बोतलें मिलने और दस्तावेजों के बिखरे होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. आम आदमी पार्टी और शिवसेना ने कार्रवाई की मांग की है. अब मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कार्यालयों में यह स्थिति किन परिस्थितियों में बनी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी में सड़क हादसे के बाद थार से मिला नशीला कफ सिरप, 15 लाख की गाड़ी जब्त, आरोपी गिरफ्तार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










