Sidhi News: सीधी में गांधी जयंती पर NSUI का विशेष अभियान, प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार ने ‘गांधी संकल्प पेटी’ में दर्ज कीं 40 से अधिक शिकायतें
Sidhi News: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सीधी जिले में NSUI मध्य प्रदेश के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार ने एक विशेष अभियान की शुरुआत की. सुबह के समय उन्होंने गांधी प्रतिमा की सफाई कर माल्यार्पण किया और शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ झाड़ू उठाकर सफाई अभियान चलाया.

‘गांधी संकल्प पेटी‘ लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
प्रतिमा पूजन के बाद विक्रांत सिंह परिहार अपनी टीम के साथ ‘गांधी संकल्प पेटी’ लेकर शहर के विभिन्न वार्डों में निकले. कार्यकर्ताओं ने सुबह से रात 8 बजे तक चले इस जनसंपर्क अभियान में दुकानदारों, ऑटो चालकों, रेहड़ी-पटरी वालों, युवाओं और महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी जमीनी समस्याएं दर्ज कीं.

नगर पालिका से जुड़ीं मिलीं सबसे ज्यादा शिकायतें
दिन भर चले इस अभियान के दौरान कुल 40 से अधिक शिकायतें ‘गांधी संकल्प पेटी’ में प्राप्त हुईं. इनमें सबसे ज्यादा 24 शिकायतें नगर पालिका प्रशासन से जुड़ी थीं. लोगों ने मोहल्लों में नालियों की नियमित सफाई न होने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का अंबार लगे रहने पर गहरी नाराजगी जताई.
ट्रैफिक जाम और पार्किंग व्यवस्था पर भी उठे सवाल
सफाई के अलावा शहर की लचर यातायात व्यवस्था, प्रमुख बाजारों में पार्किंग का अभाव और आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्याएं भी प्रमुखता से सामने आईं. इसके साथ ही राजस्व विभाग से जुड़े कई लंबित मामलों को लेकर भी आम नागरिकों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं.
कलेक्टर को सौंपी जाएगी सूची
प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार ने बताया कि ‘गांधी संकल्प पेटी’ में आई सभी शिकायतों को विभागवार छांटा जा रहा है. शनिवार को शिकायतों की यह सूची नगर पालिका सीएमओ (CMO) और जिला कलेक्टर को सौंपी जाएगी और सभी समस्याओं के तुरंत निराकरण की मांग की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी में बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों का आंदोलन, सीएम हेल्पलाइन के बाद भी नहीं हुआ समाधान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










