MP News: भोपाल में बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी आवास में चोरी, टीटी नगर थाने में मामला दर्ज
MP News: भोपाल स्थित 45 बंगला क्षेत्र में शिवपुरी जिले के पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी आवास में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. बेखौफ चोरों ने सूने पड़े सरकारी बंगले का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए.

ताला तोड़कर स्कूटी और सिलेंडर ले उड़े चोर
विधायक के भतीजे राजेश लोधी ने बताया कि वे 23 जुलाई को बंगले में ताला लगाकर शिवपुरी गए थे. जब वे 30 सितंबर की रात वापस लौटे, तो देखा कि ताला टूटा पड़ा था और अंदर सामान बिखरा हुआ था. छानबीन करने पर पता चला कि चोर वहां से एक स्कूटी, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां चुरा ले गए हैं.
टीटी नगर पुलिस थाने में केस दर्ज
घटना की भनक लगते ही परिजनों ने टीटी नगर पुलिस थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच टीम मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट तथा अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाने में लग गई है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
टीटी नगर पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर किस रास्ते से आवास में दाखिल हुए और वारदात को किस समय अंजाम दिया गया. फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान की जा रही है.
वीआईपी सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
भोपाल के हाई-सिक्योरिटी वाले 45 बंगला क्षेत्र में चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले भी कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग के आवास से ट्रॉफियां और मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल के बंगले से लैपटॉप चोरी हो चुका है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: ओडिशा पुलिस से आरोपी छुड़ाने वाला कुंवर प्रताप सिंह प्रयागराज से गिरफ्तार, ‘जंगी ऐप’ से रची गई थी पूरी साजिश
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










