MP News: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का संभावित उज्जैन दौरा, ब्लॉक-मंडल अध्यक्षों के शिविर में होंगे शामिल
MP News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी जल्द ही तीसरी बार मध्य प्रदेश का दौरा करने वाले हैं. इस बार उनके धार्मिक नगरी उज्जैन आने की प्रबल संभावना है. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी यहां कांग्रेस के ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेंगे.
‘सृजन अभियान‘ की समीक्षा और 100 रुपये चंदा मुहिम
दौरे के दौरान राहुल गांधी पार्टी के ‘सृजन अभियान’ की प्रगति की समीक्षा करेंगे. इसके साथ ही प्रदेश में 100 रुपये चंदा अभियान की औपचारिक शुरुआत की जा सकती है. इस मुहिम के तहत हर विधानसभा क्षेत्र के लगभग 30 हजार परिवारों से 100-100 रुपये का सहयोग जुटाया जाएगा, जिसका उपयोग जिला स्तर पर संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत करने में होगा.
बैक-टू-बैक दौरों से गरमाई मध्य प्रदेश की राजनीति
मध्य प्रदेश में राहुल गांधी के बैक-टू-बैक दौरे राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. इससे पहले 19 सितंबर को उन्होंने इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए युवाओं, रोजगार और पेपर लीक के मुद्दे उठाए थे. इसके बाद 1 अक्टूबर को बालाघाट पहुंचकर उन्होंने पीड़ित आदिवासी परिवारों से मुलाकात की थी और स्वास्थ्य व मनरेगा जैसे जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था.
बूथ और पंचायत स्तर तक संगठन की कसावट
उज्जैन दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. यद्यपि उनके आगमन की अंतिम तिथि अभी तय होना बाकी है, लेकिन माना जा रहा है कि बैठक के दौरान मंडल, पंचायत और बूथ स्तर की गतिविधियों, नियमित बैठकों और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी.
कांग्रेस संगठन में नई जान फूंकने की तैयारी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी का यह संभावित दौरा राज्य में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर पुनर्जीवित करने के लिए बेहद अहम साबित होगा. लगातार दो सफल दौरों के बाद उज्जैन प्रवास से मालवा-निमाड़ अंचल में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी कैडर पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा.
यह भी पढ़ें : MP News: भोपाल में बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी आवास में चोरी, टीटी नगर थाने में मामला दर्ज
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










