CG News: सीएम साय और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मिला बस्तर दशहरा में शामिल होने का आमंत्रण
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण मिला है, बस्तर दशहरा समिति के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात की, इस दौरान समिति के सदस्यों ने बस्तर की परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री को ‘पागा’ (पगड़ी) पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें 75 दिनों तक चलने वाले इस ऐतिहासिक उत्सव में शामिल होने का न्यौता दिया.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी दिया गया आमंत्रण
बस्तर दशहरा की भव्यता और अंतरराष्ट्रीय पहचान को देखते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और छत्तीसगढ़ के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की, उन्होंने राष्ट्रपति को इस गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा और जनजातीय विरासत के प्रतीक महापर्व में सम्मिलित होने का आत्मीय न्यौता दिया.

75 दिनों तक चलने वाला अनोखा पर्व
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित होने वाला बस्तर दशहरा देश का सबसे लंबा चलने वाला लोक पर्व है, जो पूरे 75 दिनों तक अलग-अलग पारंपरिक रस्मों के साथ मनाया जाता है, इस अनूठे उत्सव की शुरुआत श्रावण मास की हरियाली अमावस्या से होती है और इसका समापन आश्विन मास में होता है, यह पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय आस्था और अटूट परंपराओं का प्रतीक माना जाता है.
मां दंतेश्वरी की आराधना को समर्पित है उत्सव
सामान्यतः देश भर में दशहरा रावण दहन और भगवान राम की विजय के रूप में मनाया जाता है, लेकिन बस्तर दशहरा में रावण के पुतले का दहन नहीं किया जाता, यह उत्सव मुख्य रूप से बस्तर की कुलदेवी और स्थानीय आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना और आदिवासी रीति-रिवाजों को समर्पित होता है.
काकतीय राजवंश से जुड़ी है ऐतिहासिक परंपरा
बस्तर दशहरा का इतिहास 600 साल से भी अधिक पुराना है, ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार इस महान उत्सव की शुरुआत 15वीं शताब्दी में काकतीय वंश के प्रतापी राजा महाराजा पुरुषोत्तम देव के शासनकाल में हुई थी, तब से लेकर आज तक यह परंपरा निरंतर और पूरी निष्ठा के साथ निभाई जा रही है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ कैडर के IPS संतोष सिंह को बड़ी जिम्मेदारी, दिल्ली मेट्रो में CISF के DIG पद पर हुई नियुक्ति
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










