Sidhi News: कन्या महाविद्यालय के छात्रा ग्रुप में अश्लील वीडियो शेयर, स्पोर्ट्स टीचर पर आरोप
Sidhi News: मध्य प्रदेश के सीधी स्थित कन्या महाविद्यालय में छात्राओं के WhatsApp ग्रुप में अश्लील वीडियो भेजे जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि महाविद्यालय के स्पोर्ट्स टीचर उमेश पाठक ने GDC सीधी UG बैच-2025 नाम के ग्रुप में एक के बाद एक 6 अश्लील वीडियो शेयर किए. वीडियो के साथ उन्होंने मैसेज लिखा, इस वीडियो को खोलकर देखें, भ्रष्ट नेता पकड़े गए. घटना के बाद शिक्षक का मोबाइल बंद हो गया.

चार घंटे तक ग्रुप में रहे वीडियो
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 31 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे की है. वीडियो देखने के बाद छात्राओं ने महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. देवेंद्र सोनी से शिकायत की और ग्रुप से वीडियो हटवाने की मांग की. हालांकि, छात्राओं के बार-बार कहने के बावजूद करीब चार घंटे तक वीडियो ग्रुप में बने रहे. इसके बाद छात्राएं प्राचार्य ओपी नामदेव के पास पहुंचीं और शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
प्राचार्य के हस्तक्षेप के बाद हटाए गए वीडियो
प्राचार्य ओपी नामदेव ने बताया कि उन्होंने उमेश पाठक को कई बार फोन किया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला. इसके बाद करीब चार घंटे बाद ग्रुप एडमिन की मदद से वीडियो डिलीट कराए गए. इस मामले को लेकर छात्राओं में नाराजगी देखी गई और WhatsApp ग्रुप में काफी हंगामा हुआ, वीडियो शेयर होने के बाद उमेश पाठक शाम करीब 6 बजे कोतवाली थाने पहुंचे और मोबाइल हैक होने की शिकायत को लेकर आवेदन दिया. शिक्षक का कहना है कि उनका मोबाइल हैक हो गया था, हालांकि करीब आधे घंटे बाद मोबाइल दोबारा चालू हो गया. फिलहाल मोबाइल हैक होने के उनके दावे की पुष्टि नहीं हुई है.
प्राचार्य पर शिक्षक का बचाव करने का लगाया आरोप
छात्राओं का आरोप है कि शिकायत के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है और प्राचार्य शिक्षक का बचाव करते नजर आ रहे हैं. छात्राओं के मुताबिक, प्राचार्य भी उसी WhatsApp ग्रुप में मौजूद थे, जिसमें अश्लील वीडियो भेजे गए थे. वहीं, प्राचार्य ओपी नामदेव का कहना है कि छात्राओं की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि शिक्षक ने मोबाइल हैक होने की बात कही है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके नंबर से दूसरे लोगों या WhatsApp ग्रुप में भी ऐसे वीडियो भेजे गए थे या नहीं.
पुलिस और साइबर सेल तक नहीं पहुंची छात्राओं की शिकायत
कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के मुताबिक, शिक्षक की ओर से आवेदन दिया गया है, लेकिन मामला साइबर सेल से संबंधित है और इसकी जांच साइबर विशेषज्ञ करेंगे. उन्होंने बताया कि छात्राओं या कॉलेज प्रबंधन की तरफ से पुलिस को अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है. दूसरी ओर, साइबर सेल में पदस्थ अधिकारी कृष्ण मिश्रा ने कहा कि उनके पास भी अभी इस मामले की शिकायत नहीं पहुंची है.
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति
साइबर सेल के अधिकारी कृष्ण मिश्रा के अनुसार, आमतौर पर WhatsApp अकाउंट हैक होने पर सिर्फ एक ग्रुप में ही मैसेज नहीं भेजे जाते, बल्कि अकाउंट से जुड़े कई लोगों को संदेश भेजे जा सकते हैं. ऐसे मामलों में कई बार पैसों की मांग भी की जाती है. हालांकि, इस घटना में वास्तव में मोबाइल हैक हुआ था या नहीं, यह जांच का विषय है. आवेदन मिलने के बाद तकनीकी जांच से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: नौगवां में थार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग को लेकर तीन घंटे चक्काजाम
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Sidhi News: कन्या महाविद्यालय के छात्रा ग्रुप में अश्लील वीडियो शेयर, स्पोर्ट्स टीचर पर आरोप”