Rewa News: संजय गांधी अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल, तीन महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप
Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा स्थित संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में मंगलवार को आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल के चलते ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं. अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. हड़ताल कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले तीन महीने से नियमित वेतन नहीं मिल रहा है. इसी समस्या को लेकर कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया.

दो आउटसोर्स कंपनियों के जरिए काम कर रहे कर्मचारी
कर्मचारी तुलसी गुप्ता और विपिन पांडेय के मुताबिक, अस्पताल में दो आउटसोर्स कंपनियों के माध्यम से कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है. उनका आरोप है कि संबंधित कंपनी पिछले तीन वर्षों से कर्मचारियों को समय पर मानदेय नहीं दे रही है. वेतन के लिए बार-बार इंतजार करना पड़ता है. कर्मचारियों का कहना है कि पिछले तीन महीने से वेतन लंबित था, जिसके बाद हाल ही में दो महीने का भुगतान किया गया, लेकिन उसमें भी एक महीने का वेतन रोक लिया गया.
दीपावली से पहले वेतन नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
हड़ताल कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि त्योहार के समय पूरा वेतन नहीं मिलने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है. उनका आरोप है कि कंपनी की कार्यप्रणाली के खिलाफ आवाज उठाने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकालने और आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने की धमकी भी दी जाती है. कर्मचारियों ने मांग की है कि उनका बकाया वेतन जल्द जारी किया जाए और भुगतान की व्यवस्था नियमित की जाए.

पहले भी वेतन के लिए कर चुके हैं आंदोलन
कर्मचारियों के अनुसार, वेतन भुगतान में देरी को लेकर पहले भी हड़ताल की जा चुकी है. उस समय विरोध प्रदर्शन के बाद कंपनी ने कर्मचारियों के खातों में एक महीने का वेतन जमा कराया था. हालांकि, कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ समय बाद फिर से भुगतान में देरी होने लगी. इसी वजह से उन्हें दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा, मामले में मेडिकल कॉलेज के डीन से जानकारी लेने का प्रयास किया गया. उन्होंने फिलहाल पूरे मामले की जानकारी एकत्रित करने की बात कही और बाद में जवाब देने की बात कही. वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी हड़ताल और वेतन भुगतान को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
दूर-दराज से पहुंचे मरीजों को उठानी पड़ी परेशानी
संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय रीवा के साथ पूरे विंध्य क्षेत्र के मरीजों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है. यहां सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में ओपीडी सेवाएं प्रभावित होने से दूर-दराज से आए मरीजों और उनके परिजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. अब कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखना प्रबंधन तथा संबंधित आउटसोर्स कंपनियों के सामने चुनौती है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: सांसद जनार्दन मिश्रा का टॉयलेट साफ करते वीडियो वायरल, पहले भी कई बार हाथों से कर चुके हैं सफाई
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “Rewa News: संजय गांधी अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल, तीन महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप”