MP News: ट्विशा शर्मा मौत मामले में पूर्व जज गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका खारिज, जबलपुर हाईकोर्ट का फैसला
MP News: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जबलपुर हाईकोर्ट ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह को राहत देने से इनकार कर दिया है. बुधवार को न्यायालय ने उनकी जमानत याचिका पर सुरक्षित रखा गया फैसला सुनाते हुए उसे खारिज कर दिया. जस्टिस अजय कुमार निरंकारी की पीठ ने मामले के तथ्यों, आरोपों की प्रकृति और गंभीरता के साथ जांच के दौरान सामने आई सामग्री पर विचार किया.

सीसीटीवी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी हुआ परीक्षण
अदालत ने कहा कि मृतका की मौत से ठीक पहले की परिस्थितियों, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन किया गया है. मामले में महत्वपूर्ण फॉरेंसिक रिपोर्ट और डिजिटल निष्कर्षों का अभी इंतजार है. जांच भी जारी है. इन परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल आवेदक को जमानत पर रिहा करना उचित नहीं होगा.

बचाव पक्ष और सीबीआई ने रखे अपने तर्क
पिछली सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह के वकील ने दलील दी थी कि मामले में मुख्य आरोप मृतका के पति यानी गिरिबाला के बेटे के खिलाफ हैं. बचाव पक्ष का कहना था कि ट्विशा को आत्महत्या के लिए उकसाने में गिरिबाला की कोई भूमिका नहीं थी. वहीं, सीबीआई ने जमानत का विरोध करते हुए कहा था कि गिरिबाला प्रभावशाली व्यक्ति हैं और उन्होंने पहले मामले की समानांतर जांच की थी.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई को सौंपी गई जांच
ट्विशा की मौत के मामले में भोपाल के कटारा हिल्स पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया था. बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जांच सीबीआई को सौंप दी गई. इससे पहले 15 मई को भोपाल की निचली अदालत ने गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दी थी. हालांकि, राज्य सरकार और मृतका के माता-पिता ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी. इसके बाद 27 मई को हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी.
मैट्रिमोनियल साइट पर हुई थी ट्विशा और समर्थ की मुलाकात
मामले से जुड़े घटनाक्रम के अनुसार, ट्विशा और समर्थ की मुलाकात जनवरी 2025 में एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई थी. दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत शुरू हो गई. धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. अक्टूबर 2025 में समर्थ की मां गिरिबाला सिंह पहली बार भोपाल में ट्विशा से मिलीं. इसके बाद वह ट्विशा के दिल्ली स्थित घर पहुंचीं, जहां दोनों परिवारों ने रिश्ता तय किया. 9 दिसंबर 2025 को दिल्ली में दोनों की शादी हुई.
शादी के पांच महीने बाद ससुराल में हुई मौत
विवाह के करीब पांच महीने बाद 12 मई 2026 को ट्विशा की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सास और पति ने पुलिस को बताया था कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई और प्रकरण में कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है, परिजनों के मुताबिक, शादी के लगभग एक महीने बाद ही ट्विशा और समर्थ के बीच विवाद शुरू हो गए थे. ट्विशा की भाभी ने आरोप लगाया कि इंटरकास्ट मैरिज होने के कारण उसे लगातार नीचा दिखाने की कोशिश की जाती थी. परिवार का कहना है कि ट्विशा फोन कॉल और चैट के माध्यम से ससुराल में होने वाली कथित प्रताड़ना की जानकारी उन्हें देती रहती थी. परिजन विवाह बचाने की उम्मीद में उसे समझाइश देकर धैर्य रखने की सलाह देते थे.
यह भी पढ़ें : Rewa News: दीपावली पर रीवा के बाजारों में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, 6 प्रमुख रास्तों पर ऑटो-ई-रिक्शा की एंट्री बंद
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










