CG Success Story: स्व-सहायता समूह से जुड़कर बदली छबीला सेठिया की जिंदगी, सब्जी की खेती बनी कमाई का जरिया

CG Success Story: स्व-सहायता समूह से जुड़कर बदली छबीला सेठिया की जिंदगी, सब्जी की खेती बनी कमाई का जरिया

CG Success Story: स्व-सहायता समूह से जुड़कर बदली छबीला सेठिया की जिंदगी, सब्जी की खेती बनी कमाई का जरिया

CG Success Story: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं अब खेती-किसानी को भी व्यवसाय के रूप में अपना रही हैं. राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से महिलाएं पारंपरिक आजीविका के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं. ऐसी ही एक मिसाल जनपद पंचायत बास्तानार की ग्राम पंचायत कोड़ेनार निवासी छबीला सेठिया ने पेश की है. उन्होंने उन्नत तरीके से साग-सब्जियों की खेती कर अब तक करीब 3 लाख रुपए की आमदनी हासिल की है.

मेहनत और लगन से साग-सब्जी उत्पादन को बनाया सफल व्यवसाय, छबीला सेठिया ने कमाए 3 लाख रुपए

समूह से जुड़ने के बाद आया बदलाव

छबीला सेठिया वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह की सदस्य हैं. पहले वे घर में पशुपालन और थोड़ी सी जमीन पर पारंपरिक खेती करती थीं. इससे परिवार की जरूरतें तो पूरी हो जाती थीं, लेकिन आमदनी बढ़ाने की गुंजाइश कम थी. इसी दौरान उन्हें कृषि आधारित प्रशिक्षण मिला, जिससे खेती को व्यवसाय के तौर पर आगे बढ़ाने का विचार आया. प्रशिक्षण से मिली जानकारी और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने वर्ष 2024 में अपनी जमीन पर व्यावसायिक रूप से साग-सब्जी उत्पादन शुरू किया.

बैंक ऋण से मिला खेती को विस्तार

खेती को बड़े स्तर पर शुरू करने में स्व-सहायता समूह और बैंकों से मिले आर्थिक सहयोग ने अहम भूमिका निभाई. छबीला सेठिया को जिला सहकारी बैंक से 1 लाख रुपए, बैंक लिंकेज के जरिए 50 हजार रुपए और वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से स्वयं सिद्धा योजना के तहत 1 लाख रुपए का ऋण मिला. इस राशि का इस्तेमाल उन्होंने खेती का दायरा बढ़ाने और उत्पादन की बेहतर व्यवस्था तैयार करने में किया, छबीला ने खेती में केवल पारंपरिक तरीकों पर निर्भर रहने के बजाय मचान पद्धति और बांस की स्टिक जैसी तकनीकों को अपनाया. इन तरीकों से सब्जियों की खेती को व्यवस्थित करने और उपलब्ध जमीन का बेहतर उपयोग करने में मदद मिली. नियमित देखभाल, मेहनत और नई कृषि पद्धतियों के चलते उनकी उपज और आमदनी में अच्छा सुधार हुआ.

बिहान दीदी की उन्नत खेती बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल, मचान पद्धति और वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर बढ़ाई आमदनी

अब तक तीन लाख रुपए की कमाई

खेती के प्रति लगन और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है कि छबीला सेठिया अब तक लगभग 3 लाख रुपए की आमदनी अर्जित कर चुकी हैं. उनका सब्जी उत्पादन का काम अभी भी लगातार जारी है. वे अपनी इस आजीविका को और आगे बढ़ाने के लिए प्रयास कर रही हैं. यह उपलब्धि उनके परिवार को आर्थिक मजबूती देने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हुई है.

खेत से बाजार तक खुद संभालती हैं काम

छबीला सेठिया की सफलता का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि वे खेत में सब्जियां उगाने के बाद उनकी बिक्री की जिम्मेदारी भी खुद उठाती हैं. वे स्थानीय बाजार में दुकान लगाकर सीधे ग्राहकों को अपनी उपज बेचती हैं. इससे उन्हें फसल का उचित मूल्य मिल रहा है और बिचौलियों पर निर्भरता भी घट रही है. उत्पादन से लेकर बाजार में बिक्री तक की प्रक्रिया खुद संभालकर उन्होंने खेती को एक व्यवस्थित व्यवसाय का रूप दिया है.

गांव की महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

छबीला सेठिया की कहानी बताती है कि सही प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं सीमित संसाधनों में भी सफल उद्यम खड़ा कर सकती हैं. बिहान योजना से मिले मार्गदर्शन और सहयोग ने उनके खेती के अनुभव को एक लाभकारी व्यवसाय में बदलने में मदद की है. आज उनकी मेहनत और उपलब्धि गांव की दूसरी महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने और खेती को आजीविका के मजबूत साधन के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है.

यह भी पढ़ें : CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना से जांजगीर-चांपा के रामकुमार कश्यप का पक्के घर का सपना हुआ पूरा

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें