MP News: मैहर में संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह का औचक निरीक्षण, स्कूलों में पढ़ाई और सरकारी भवनों के निर्माण की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
MP News: मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को मैहर जिले का दौरा कर स्कूलों और निर्माणाधीन सरकारी भवनों का निरीक्षण किया. इस दौरान कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी भी उनके साथ मौजूद रहीं. निरीक्षण के दौरान स्कूल में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति और पढ़ाई में लापरवाही सामने आई, वहीं सरकारी भवनों के निर्माण कार्यों में भी गुणवत्ता से जुड़ी खामियां पाई गईं.

विद्यार्थियों की पढ़ाई का लिया जायजा
संभागायुक्त शासकीय हाई स्कूल पोड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों से पाठ पढ़वाकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया. कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार के लिए विशेष रेमेडियल क्लास संचालित करने के निर्देश दिए. साथ ही शिक्षकों से कहा कि बच्चों को विषयों की जानकारी सरल भाषा और स्थानीय बोली में समझाई जाए, जिससे वे आसानी से पढ़ाई को समझ सकें.

अनुपस्थिति पर अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश
स्कूल की कक्षा 8वीं में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति मिलने पर संभागायुक्त ने नाराजगी जताई. उन्होंने बीआरसी और प्राचार्य को सभी विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए. कार्य में लापरवाही पाए जाने पर प्राचार्य हरिशंकर पांडे को कारण बताओ नोटिस जारी करने और हिंदी शिक्षक दयानिधि नागर की एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए. इसके अलावा उन्होंने स्कूल की भोजनशाला का भी निरीक्षण किया.

जिला पंचायत भवन में निर्माण सामग्री की जांच
स्कूल के निरीक्षण के बाद संभागायुक्त निर्माणाधीन जिला पंचायत भवन पहुंचे. यहां उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जांच की. निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण में बेहद बारीक और कम गुणवत्ता वाली रेत का उपयोग किए जाने की बात सामने आई. इस पर उन्होंने ग्रामीण सेवा यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, संभागायुक्त ने भवन निर्माण में नियमित रूप से क्यूब टेस्टिंग कराने और उसकी रिपोर्ट सुरक्षित रखने को कहा. उन्होंने अच्छी गुणवत्ता के सरिये इस्तेमाल करने के साथ भवन में जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. उनका कहना था कि निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए.
कलेक्टर कार्यालय भवन की फिनिशिंग पर जताई नाराजगी
कलेक्टर कार्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए संभागायुक्त ने फिनिशिंग और निर्माण की गुणवत्ता पर असंतोष जताया. उन्होंने अधिकारियों को जरूरी सुधार कराने के निर्देश दिए. साथ ही स्लैब डालने के दौरान वाइब्रेटर का इस्तेमाल करने, क्यूब स्ट्रेंथ टेस्टिंग कराने और कम गुणवत्ता वाली रेत को तत्काल हटाने के लिए कहा. उन्होंने भवन के मीटिंग हॉल का आकार बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि बैठकों के दौरान पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके, संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकारी भवनों का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए. निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और जरूरी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि सरकारी भवन मजबूत होने के साथ उपयोग के लिहाज से भी बेहतर बन सकें.
यह भी पढ़ें : Rewa News: शिल्परा नहर में डूबे जुड़वा भाइयों की मौत पर सवाल, चार दोस्तों की गिरफ्तारी की मांग
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “MP News: मैहर में संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह का औचक निरीक्षण, स्कूलों में पढ़ाई और सरकारी भवनों के निर्माण की गुणवत्ता पर उठाए सवाल”