CG News: सीएम साय ने किया फोरलेन सड़क का शिलान्यास, 3.82 KM सड़क पर खर्च होंगे ₹28.41 करोड़
CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत हुई है. सीतापुर शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सोनतराई से सूर तक सड़क को फोरलेन में विकसित किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए 28 करोड़ 41 लाख रुपये की इस परियोजना का शिलान्यास किया. करीब 3.82 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण से स्थानीय लोगों और इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.

3.82 किलोमीटर सड़क का होगा चौड़ीकरण
इस परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर किलोमीटर 433.850 से 437.670 तक सड़क का विस्तार किया जाएगा. वन टाइम इम्प्रूवमेंट योजना के तहत तैयार होने वाली सड़क के दोनों तरफ सात-सात मीटर चौड़ी डामर सड़क बनाई जाएगी. बीच में डिवाइडर भी तैयार किया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी, सड़क निर्माण के साथ नागरिक सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया है. परियोजना में सड़क के दोनों किनारों पर नालियों का निर्माण और पूरे हिस्से में स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रावधान रखा गया है. इससे बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या कम करने और रात के समय सड़क पर बेहतर रोशनी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

CM साय बोले, सड़कें विकास की मजबूत आधारशिला
शिलान्यास कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अच्छी सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाती हैं. बेहतर कनेक्टिविटी से लोगों का सफर आसान होता है और व्यापार, रोजगार सहित दूसरी आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है. उन्होंने कहा कि सरकार आम नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है.
विधायक रामकुमार टोप्पो ने जताया आभार
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने फोरलेन सड़क परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण से शहर के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा होगी. विधायक ने क्षेत्र में मानव तस्करी की रोकथाम, नशामुक्ति और नागरिकों की सुरक्षा जैसे विषयों पर किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया. उन्होंने क्षेत्र का समग्र विकास और लोगों के जीवन स्तर में सुधार को अपनी प्राथमिकता बताया.
शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए कई जनप्रतिनिधि
सीतापुर के सांस्कृतिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. इसमें मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और विधायक रामकुमार टोप्पो शामिल हुए. सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े. इसके अलावा विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई, फोरलेन सड़क परियोजना पूरी होने के बाद सीतापुर में यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी. साथ ही नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं से सड़क का उपयोग पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : Karwa Chauth 2026: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में करवा चौथ की रौनक, रीवा में महिलाओं ने दिया सामाजिक सद्भाव का संदेश
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “CG News: सीएम साय ने किया फोरलेन सड़क का शिलान्यास, 3.82 KM सड़क पर खर्च होंगे ₹28.41 करोड़”