CG News: CM साय का कांग्रेस पर हमला, किसानों को 21 क्विंटल तक मिलेगी अंतर की राशि
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर दौरे के दौरान कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने कहा कि लगातार चुनावों में हार का सामना करने के कारण कांग्रेस नेता हताश और परेशान हैं. अब उनकी बयानबाजी का जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं की तुलना फ्यूज बल्ब से करते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक चमक खत्म हो चुकी है.
-1770818920664.webp)
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की जनता भी चाहती थी बदलाव
दरअसल, सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जनजातीय गौरव दिवस और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे थे. इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राजनीतिक मुद्दों के साथ नक्सलवाद, धान खरीदी और किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता पर भी अपनी बात रखी, मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों के लोग भी लंबे समय से हिंसा और भय के माहौल से परेशान थे. वहां की जनता शांति, सुरक्षा और विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहती थी. नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान को स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिला, जिससे सुरक्षा बलों को अपने अभियान में मदद मिली.
जवानों के साहस की सीएम ने की सराहना
नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपने कार्यकाल में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी लड़ाई नहीं लड़ी, उन्हें आज इस समस्या को समाप्त करने के लिए काम कर रहे सुरक्षा जवानों का स्वागत करना चाहिए. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सहयोग मिला. सरकार और सुरक्षा बलों ने साहस दिखाते हुए नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को मजबूती दी.
21 क्विंटल तक धान की अंतर राशि देने का फैसला
धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. मोदी की गारंटी के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का वादा किया गया है. उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धान का उत्पादन एक जैसा नहीं होता. कई किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल के बजाय केवल 12 या 15 क्विंटल धान ही पैदा कर पाते हैं. ऐसे पात्र किसानों को वास्तविक उत्पादन के बाद 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक बची हुई अंतर राशि भी उनके बैंक खातों में दी जाएगी.
15 क्विंटल धान बेचने पर भी मिलेंगे 13,839 रुपये
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सेंदरी धान खरीदी केंद्र में किसानों से बातचीत के दौरान इस व्यवस्था को उदाहरण के साथ समझाया. उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान एक एकड़ में केवल 15 क्विंटल धान बेच पाता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर राशि भी उसे मिलेगी. इस तरह पात्र किसान को प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से कुल 13,839 रुपये की अंतर राशि मिल सकेगी, सीएम साय ने कहा कि वे खुद किसान के बेटे हैं और खेती-किसानी से जुड़ी परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते हैं. किसानों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिले, इसी उद्देश्य से सरकार ने यह व्यवस्था की है. इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला कार्यालय में सरकारी कर्मचारियों के लिए तैयार आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का भी शुभारंभ किया.
12.60 करोड़ की लागत से तैयार हुई पांच मंजिला पार्किंग
बिलासपुर शहर के पुराने बस स्टैंड के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए आधुनिक सुविधा शुरू की गई है. यहां प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग तैयार की गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 12.60 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पांच मंजिला पार्किंग भवन का लोकार्पण किया. इस सुविधा में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी.
बटन दबाते ही निकास द्वार तक पहुंचेगी कार
इस आधुनिक पार्किंग व्यवस्था में वाहन चालक को अपनी कार निर्धारित स्थान पर खड़ी करके बाहर निकलना होगा. इसके बाद एलिवेटर कार को संबंधित मंजिल तक पहुंचाएगा और शटल रोबोट उसे खाली स्थान पर पार्क कर देगा. पूरी प्रक्रिया स्वचालित तरीके से संचालित होगी, जिससे वाहन चालकों को खुद पार्किंग की जगह तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी, इस पार्किंग की सबसे खास बात कार को वापस निकालने की स्वचालित व्यवस्था है. जब वाहन मालिक को अपनी कार चाहिए होगी, तब सिस्टम पार्किंग स्थल से वाहन को निकालकर सीधे निकास द्वार तक पहुंचा देगा. इससे व्यस्त बाजार क्षेत्र में पार्किंग की परेशानी कम होने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : CG News: CM साय ने किया भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय वीथिका में देखी वीर नायकों की गौरवगाथा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “CG News: CM साय का कांग्रेस पर हमला, किसानों को 21 क्विंटल तक मिलेगी अंतर की राशि”