CG News: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में अवैध खनिज परिवहन पर शिकंजा, 8 ट्रैक्टर जब्त
CG News: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में अवैध रेत और गिट्टी परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मिली शिकायत के बाद विभाग ने तत्काल जांच शुरू की और अलग-अलग इलाकों में मैदानी निगरानी की. इस दौरान नियमों का उल्लंघन कर खनिज का परिवहन करते पाए गए 8 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया गया.
रेत से भरे 7 ट्रैक्टर पकड़े गए
जांच अभियान के दौरान ग्राम खंता में रेत लदे 2 ट्रैक्टर मिले. इसके अलावा रूमगा क्षेत्र से 2, चिचगोहना से 1, कोरजा से 1 और लालपुर से 1 ट्रैक्टर को जब्त किया गया. वहीं कोटमी इलाके में टीम ने गिट्टी का बिना वैध अनुमति परिवहन करते एक अन्य ट्रैक्टर को भी पकड़ लिया. इस तरह रेत और गिट्टी परिवहन के कुल 8 मामलों में कार्रवाई हुई, जब्ती की कार्रवाई पूरी होने के बाद सभी ट्रैक्टरों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है. इनमें 4 वाहन गौरेला थाना, 3 ट्रैक्टर कोटमी चौकी और 1 वाहन मरवाही थाना में रखा गया है. संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

मैदानी निगरानी से पकड़े गए वाहन
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर सहित नगर सैनिक शिवकुमार लहरे, साहिब गनी और सतीश साहू शामिल रहे. अधिकारियों के मुताबिक अवैध खनिज परिवहन की शिकायतों पर आगे भी इसी तरह त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी
जिला प्रशासन ने अवैध खनन, उत्खनन और खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखने की बात कही है. प्रशासन ने खनिज कारोबार से जुड़े लोगों से अपील की है कि रेत, गिट्टी और अन्य खनिजों का परिवहन केवल वैध दस्तावेज और निर्धारित नियमों के तहत ही करें. नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहनों की जब्ती के साथ संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : CG News: धमतरी में मानसून क्रिएटर मीटअप 2026 शुरू, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखेगी जिले की प्राकृतिक और धार्मिक विरासत
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
