CG News: रायपुर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, राज्यपाल रमेन डेका और CM साय ने निभाई छेरा-पहरा की परंपरा
CG News: राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली गई. इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए. दोनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की, रथयात्रा शुरू होने से पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पारंपरिक छेरा-पहरा की रस्म निभाई. सोने की झाड़ू से रथ मार्ग का प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया गया. इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को रथ पर विराजित कर यात्रा का शुभारंभ किया गया. वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा.
![]()
प्रदेशवासियों को दी रथयात्रा की शुभकामनाएं
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आस्था, लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा समाज को सेवा, समानता, समर्पण और लोककल्याण का संदेश देती है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान जगन्नाथ को किसानों का आराध्य माना जाता है. उन्होंने प्रदेश में समय पर अच्छी वर्षा, भरपूर फसल, किसानों की समृद्धि और छत्तीसगढ़ की निरंतर उन्नति के लिए भगवान से प्रार्थना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सामूहिक चेतना को मजबूत करते हैं.
पुरी की परंपरा की झलक देता है रायपुर का आयोजन
गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में हर वर्ष पुरी की प्रसिद्ध रथयात्रा की तर्ज पर यह आयोजन किया जाता है. छेरा-पहरा की परंपरा इस बात का संदेश देती है कि भगवान के समक्ष सभी समान हैं और सेवा सबसे बड़ा धर्म है. ओडिशा से सांस्कृतिक जुड़ाव के कारण छत्तीसगढ़ में भी भगवान जगन्नाथ के प्रति विशेष श्रद्धा देखने को मिलती है, रथयात्रा महोत्सव में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला.
यह भी पढ़ें : CG News: जशपुर में शुरू हुआ अनोखा ‘ट्री एटीएम’, मुख्यमंत्री साय ने दिखाई हरी झंडी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










