CG News: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू, CM साय ने खुद तौलकर खरीदा धान
CG News: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष की धान खरीदी प्रक्रिया शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी स्थित धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और खरीदी अभियान का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा करने के बाद खुद धान तौलकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की. किसानों ने धान से मुख्यमंत्री का तुलादान कर उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली.

किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा धान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसानों की मेहनत का उचित सम्मान करना और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुसार प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है. इसके साथ ही प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था लागू है. सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज बेचने के लिए बेहतर सुविधाएं और पर्याप्त अवसर मिलें.
खोले गए 360 नए धान खरीदी केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित उपार्जन केंद्रों तक नहीं जाना पड़े, इसके लिए प्रदेश में 360 नए खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं. इन नए केंद्रों के संचालन के बाद राज्य में धान उपार्जन केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 3100 हो गई है. सरकार का उद्देश्य खरीदी प्रक्रिया को किसानों के लिए अधिक सुलभ बनाना और केंद्रों पर व्यवस्थाओं को बेहतर करना है.

किसानों को भी मिलेगी पूरी सहायता
धान खरीदी के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की. उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र किसान यदि निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, तब भी उन्हें उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी. उन्होंने कहा कि मौसम की मार, कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के चलते कई किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान पैदा नहीं कर पाते. ऐसे किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए यह व्यवस्था की गई है.
15 क्विंटल धान बेचने पर भी मिलेंगे 13,839 रुपये
मुख्यमंत्री ने उदाहरण देकर बताया कि यदि कोई पात्र किसान एक एकड़ में केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर आदान सहायता राशि भी उसे मिलेगी. इस तरह पात्र किसानों को प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल के हिसाब से कुल 13,839 रुपये की आदान सहायता प्राप्त होगी. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को उनकी वास्तविक परिस्थितियों के अनुसार आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है.

किसानों से खरीदा गया कुल 52 क्विंटल धान
बिलासपुर के सेंदरी सेवा सहकारी समिति केंद्र में खरीदी के पहले दिन तीन किसानों से कुल 52 क्विंटल धान की खरीद की गई. इसमें खेमचरण पटेल से 24.80 क्विंटल, संदीप ध्रुव से 20.80 क्विंटल और संजय यादव से 6.40 क्विंटल धान खरीदा गया. तीनों किसान मोटा सरना किस्म का धान लेकर केंद्र पहुंचे थे. खरीदी के पहले दिन की इस प्रक्रिया के साथ समिति में धान उपार्जन का काम शुरू हो गया, सेंदरी सेवा सहकारी समिति के अंतर्गत आसपास के छह गांवों के किसान पंजीकृत हैं. इनमें सेंदरी, रमतला, कछार, गतौरी, अमतरा और नवगंवा शामिल हैं. इन गांवों के कुल 1,149 किसान समिति के सदस्य हैं. धान खरीदी शुरू होने के साथ ही इन किसानों को भी अपनी उपज बेचने के लिए उपार्जन केंद्र की सुविधा उपलब्ध हो गई है.
धान खरीदी के शुभारंभ कार्यक्रम ये रहे मौजूद
धान खरीदी के शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए. इनके अलावा क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व सांसद लखन लाल साहू और सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह भी मौजूद रहे, कार्यक्रम में संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री ने खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान किसानों की सुविधा, धान की तौल और खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया.
यह भी पढ़ें : CG News: धान खरीदी में बालोद जिला पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर, दो दिनों में 67,125 क्विंटल धान की खरीदी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










