CG News: बिलासपुर में CM साय ने किया 120 करोड़ के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में आदिवासी समाज के इतिहास, संस्कृति और विकास से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी. लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और अपनी परंपराओं की रक्षा के लिए किए गए बलिदानों से भरा है. देश की आजादी और समाज के अधिकारों के लिए जनजातीय नायकों ने जो योगदान दिया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के जरिए जनजातीय समाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया.

16 विकास कार्यों की मिली सौगात
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत वाले 16 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में जनजातीय समाज की भागीदारी महत्वपूर्ण है. सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों तक पहुंचे और उन्हें बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास तथा रोजगार की सुविधाएं मिलें. मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं भी दीं.

भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के खिलाफ संघर्ष शुरू कर दिया था. उन्होंने जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया. तीर-कमान के माध्यम से अंग्रेजी सत्ता को चुनौती देकर उन्होंने साहस और स्वाभिमान का उदाहरण प्रस्तुत किया. सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई.

बलिदान को बताया आने वाली पीढ़ियों की प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज ने 1857 की क्रांति से पहले ही अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष शुरू कर दिया था. छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के दौरान भूख से परेशान लोगों की सहायता की और शोषण तथा अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई. उन्होंने कहा कि ऐसे महान जननायकों का त्याग और बलिदान देश के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है. मुख्यमंत्री ने नागरिकों और विशेषकर युवाओं से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय पहुंचकर जनजातीय नायकों के इतिहास और उनके संघर्षों को जानने की अपील की.

जनजातीय विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के कल्याण के लिए अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था. साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेश की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों की सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. इन योजनाओं का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है.

दूरस्थ गांवों में पहुंच रहीं सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान यानी पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं. इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं से भी जनजातीय परिवारों को लाभ मिल रहा है.

जनजातीय युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनजातीय समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है. सरकार जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल और उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है. एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और उच्च शिक्षण संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं दी जा रही हैं. इसके अलावा ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी अच्छी शिक्षा मिल सके.

नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन इलाकों में पहले नक्सलवाद के कारण भय और हिंसा का वातावरण था, वहां अब शांति और सुरक्षा स्थापित होने से विकास की नई संभावनाएं बन रही हैं. इन क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. उन्होंने कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण एवं जनजातीय परिवारों की आमदनी बढ़ाने पर भी जोर दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए प्रत्येक परिवार तक विकास के अवसर पहुंचाना सरकार का संकल्प है.

डिप्टी सीएम साव ने भी रखे विचार
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने महान पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह सहित जनजातीय नायकों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने संघर्ष और त्याग से समाज में विशेष स्थान बनाया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है. उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने की अपील की.

जनजातीय इतिहास, पारंपरिक ज्ञान और संस्कृति के संरक्षण पर जोर
वनवासी कल्याण आश्रम के योगेश बापट ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने अल्प जीवनकाल में समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया. उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक जीवनशैली, रीति-रिवाजों और जड़ी-बूटियों से जुड़े पारंपरिक ज्ञान को संरक्षित करने की आवश्यकता बताई. साथ ही जनजातीय नायकों के इतिहास का प्रामाणिक दस्तावेजीकरण करने पर जोर दिया. कार्यक्रम में आदिवासी समाज के संरक्षक वेद सिंह मरकाम ने भी अपने विचार रखे.

भगवान बिरसा मुंडा पर दिखाई गई लघु फिल्म
कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित किया गया. भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके संघर्ष पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई. मुख्यमंत्री ने जनजातीय नायकों के जीवन पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया. इस दौरान सर्व आदिवासी समाज की ओर से विशाल गजमाला पहनाकर उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया. समारोह में लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए जनजातीय विरासत की झलक भी देखने को मिली.

28 प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
समारोह में जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को मुख्यमंत्री ने बधाई दी. इसके साथ ही शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 28 प्रतिभाओं को आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां समाज के दूसरे युवाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी. उन्होंने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू, CM साय ने खुद तौलकर खरीदा धान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “CG News: बिलासपुर में CM साय ने किया 120 करोड़ के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन”