CG News: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बदली अबुझमाड़ की तस्वीर, मयूरीपारा तक पहुंची विकास की राह
CG News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के अतिसंवेदनशील और पूर्व नक्सल प्रभावित अबुझमाड़ क्षेत्र में विकास की नई कहानी लिखी जा रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मयूरीपारा तक सड़क पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। वर्षों तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे इस क्षेत्र के लोगों को अब बेहतर आवागमन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने लगा है।
16 किलोमीटर सड़क से जुड़ेगा दूरस्थ इलाका
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बैल से मयूरीपारा तक 16 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। विभागीय जानकारी के अनुसार अब तक 13 किलोमीटर मिट्टीकृत सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। साथ ही मुरूमीकरण और छह पुलियों का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। शेष कार्य जून माह के भीतर पूरा होने की संभावना है।

जंगल और नाव के सहारे तय होता था सफर
ग्राम बैल की सरपंच जुग्गी अठामी ने बताया कि सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को वर्षों तक घने जंगलों से होकर कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। बरसात के दिनों में नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता था, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी, उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभाव और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यह क्षेत्र आजादी के 78 वर्षों बाद भी विकास की मुख्यधारा से दूर था, लेकिन अब सड़क निर्माण से हालात तेजी से बदल रहे हैं।
बच्चों की पढ़ाई और मरीजों को मिली राहत
सड़क निर्माण का सबसे बड़ा फायदा स्कूली बच्चों और ग्रामीण मरीजों को मिल रहा है। अब बच्चों को स्कूल पहुंचने में आसानी हो रही है, जबकि बीमार लोगों को समय पर अस्पताल ले जाना संभव हो पाया है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बेहतर हुई है और ग्रामीणों की परेशानियां कम हुई हैं।
ग्रामीणों के लिए नई उम्मीद बनी सड़क
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की नई उम्मीद है। सड़क पूरी होने के बाद सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना है, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिए अबुझमाड़ जैसे दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका लाभ अब ग्रामीणों को सीधे तौर पर मिलने लगा है और क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें : CG News: नैनो यूरिया से आसान हुई खेती, सक्ती के किसान गुलाबचंद राठौर बने मिसाल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
