MP Census 2027: मध्यप्रदेश में 25 जनवरी से शुरू होगी जनगणना, 10 जनवरी से नागरिकों को मिलेगा स्वगणना का विकल्प
MP Census 2027: मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं. प्रदेश में जनसंख्या गणना का काम 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा. इस प्रक्रिया से पहले नागरिकों को अपनी जानकारी खुद दर्ज करने का अवसर भी मिलेगा. स्वगणना यानी सेल्फ एन्युमरेशन की सुविधा 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगी. इसके जरिए लोग घर बैठे जनगणना से जुड़ी जरूरी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे.

स्वगणना के बाद घर पहुंचेंगे प्रगणक
स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनगणना कर्मचारी संबंधित घरों तक पहुंचेंगे और नागरिकों की ओर से दर्ज की गई जानकारियों का सत्यापन करेंगे. यह व्यवस्था अप्रैल 2026 में मकान सूचीकरण और आवास गणना के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया के समान होगी. इसके लिए जनगणना निदेशालय के निर्देश पर प्रदेश के जिलों में अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के लिए कहा गया है.
गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना
जनगणना निदेशालय के निर्देशों के बाद मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने जनगणना कार्यक्रम को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है. इसके मुताबिक, जनगणना के आंकड़ों के पुनरीक्षण का काम 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक किया जाएगा. केंद्र सरकार भी इस संबंध में पहले ही अधिसूचना जारी कर चुकी है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 30 अक्टूबर 2026 को जनगणना की प्रक्रिया और घर-घर जाकर जानकारी जुटाने की व्यवस्था निर्धारित की थी.

40 सवालों के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी
जनगणना के दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्र की जाएगी. इसके लिए जनगणना आयुक्त की ओर से 40 सवाल निर्धारित किए गए हैं. इनमें नाम, उम्र, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार और दिव्यांगता से संबंधित सवाल शामिल हैं. इसके अलावा जातिगत जनगणना से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे, जिनमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य जातियों से संबंधित जानकारी शामिल होगी.
अप्रैल 2026 में हो चुका है पहला चरण
इससे पहले अप्रैल 2026 में जनगणना का पहला चरण पूरा किया गया था. इस दौरान मकान सूचीकरण और आवास से जुड़ी जानकारी जुटाई गई थी. लोगों से मकान की स्थिति, निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, पेयजल, बिजली, शौचालय, वाहन और इंटरनेट जैसी सुविधाओं को लेकर कुल 33 सवाल पूछे गए थे. अब दूसरे चरण में लोगों की व्यक्तिगत और सामाजिक-आर्थिक जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
1 मार्च 2027 की स्थिति में तय होंगे आंकड़े
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, देश की जनसंख्या से जुड़े आंकड़े 1 मार्च 2027 को रात 12 बजे की स्थिति के आधार पर तय किए जाएंगे. जनगणना अधिनियम 1948 और जनगणना नियमावली 1990 के प्रावधानों के तहत यह कार्यक्रम निर्धारित किया गया है. मध्यप्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी अधिसूचित कार्यक्रम के अनुसार जनगणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी.
यह भी पढ़ें : MP Politics: सांसद जनार्दन मिश्रा ने कांग्रेस की तुलना गैंग और गैंगस्टर से की, किसानों पर दिए पुराने बयान को लेकर फिर मांगी माफी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










