MP News: ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में पंडितों के प्रवेश पर रोक, प्रशासनिक निर्णय से विवाद गहराया
MP News: मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बुधवार सुबह पंडितों के प्रवेश पर लगी रोक को लेकर विवाद खड़ा हो गया. सुबह 9 बजे के बाद नियमित पूजन-अर्चन करने वाले पंडितों को मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया, जिसके बाद मंदिर परिसर में विरोध की स्थिति बन गई.
सुरक्षा कर्मियों ने रोका प्रवेश
पंडितों का आरोप है कि मंदिर के टी-पॉइंट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया. सुरक्षा कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश मिले हैं, जिनके अनुसार सुबह 9 बजे के बाद किसी भी पंडित को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं है, पंडित राधे तिवारी और पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष पंडित नवल किशोर शर्मा ने दावा किया कि सुरक्षा प्रभारी की ओर से कर्मचारियों को निर्देश जारी किए गए थे. साथ ही यह भी कहा गया कि आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.
प्रशासन के सामने रखीं तीन मांगें
घटना के बाद पंडितों ने प्रशासन से तीन प्रमुख मांगें रखीं. उन्होंने अधिकृत पंडितों को मंदिर में निर्बाध प्रवेश देने, श्रद्धालुओं के साथ जलाभिषेक कराने की अनुमति बहाल करने और अभिषेक हॉल में पारंपरिक पूजन व्यवस्था दोबारा शुरू करने की मांग की, पंडितों ने पूरे मामले की जानकारी फोन पर खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता को दी. कलेक्टर ने उन्हें मामले के जल्द समाधान का भरोसा दिया. पंडितों का कहना है कि यदि उन्हें मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा, तो श्रद्धालुओं की पारंपरिक पूजा व्यवस्था प्रभावित होगी और उनकी आजीविका पर भी असर पड़ेगा.
कैसे शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मंगलवार को एक पंडित अपने यजमानों के साथ ऑनलाइन टिकट के जरिए मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद अधिकारियों को संदेह हुआ कि श्रद्धालुओं को विशेष व्यवस्था के तहत मंदिर में ले जाया जा रहा है. इसके बाद कथित तौर पर मौखिक निर्देश जारी किए गए, जिसके आधार पर अगले दिन सुबह से पंडितों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई.
ट्रस्ट की बैठक पर टिकी नजरें
फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन या मंदिर ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है. अब सभी की नजरें प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट की आगामी बैठक पर हैं, जहां इस विवाद को लेकर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है.
यह भी पढ़ें : MP News: जस्टिस को कॉल-मैसेज मामले में भाजपा विधायक संजय पाठक को हाईकोर्ट से राहत, आपराधिक अवमानना की कार्रवाई समाप्त
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
