MP News: मध्य प्रदेश में CM हेल्पलाइन के दुरुपयोग पर सरकार सख्त, झूठी शिकायत करने वालों को किया जाएगा ब्लैकलिस्ट
MP News: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में एक किसान ने महिला कृषि विस्तार अधिकारी से सीएम हेल्पलाइन की शिकायत वापस लेने के बदले 2 हजार रुपए की मांग कर दी. अधिकारी ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए वॉट्सऐप ग्रुप बनाया था. ग्रुप में अनावश्यक कमेंट करने पर राजेंद्र सिंह नाम के किसान को बाहर कर दिया गया. इसे अपमान मानते हुए उसने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करा दी. इसी तरह सिवनी के शुभम खवासे ने अलग-अलग विभागों से जुड़ी 45 शिकायतें दर्ज कराईं. आरोप है कि शिकायतों का निराकरण होने के बाद अधिकारी-कर्मचारी जब फोन कर संतुष्टि जानने और शिकायत बंद कराने की बात करते, तो वह उनसे पैसे मांगता था. इस मामले की शिकायत सिवनी कोतवाली पुलिस को सौंपी गई थी.
![]()
सीएम हेल्पलाइन के दुरुपयोग पर सरकार की तैयारी
ये दोनों मामले बताते हैं कि आम लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन का कुछ लोग कथित तौर पर अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव बनाने तथा उनसे पैसे मांगने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है. इसके तहत बार-बार झूठी शिकायतें करने और शिकायतों के जरिए अनुचित दबाव बनाने वाले लोगों की पहचान की जाएगी. सरकार का उद्देश्य वास्तविक शिकायतों के समाधान में जुटे मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है.
कलेक्टर तैयार करेंगे आदतन शिकायतकर्ताओं की सूची
लोक सेवा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में मुख्यमंत्री सचिवालय को प्रस्ताव भेजा है. विभाग के मुखिया मुख्यमंत्री और उनके अपर मुख्य सचिव हैं. मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए जाने की तैयारी है. कलेक्टरों से कहा जाएगा कि वे ऐसे शिकायतकर्ताओं को चिह्नित करें, जो बार-बार झूठी शिकायतें दर्ज कराते हैं या शिकायतों के जरिए अधिकारियों-कर्मचारियों पर अनुचित दबाव बनाते हैं. इसके बाद ऐसे लोगों की सूची तैयार कर उन्हें निर्धारित अवधि के लिए ब्लैकलिस्ट किया जाएगा.
![]()
एफआईआर के बजाय ब्लैकलिस्ट करने का विकल्प
शुरुआत में ऐसे शिकायतकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने या दूसरी कानूनी कार्रवाई करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया था. हालांकि, लोक सेवा प्रबंधन विभाग ने फिलहाल ब्लैकलिस्ट करने का विकल्प चुना है. इस व्यवस्था के जरिए उन लोगों पर अंकुश लगाने की कोशिश होगी, जो शिकायतों का इस्तेमाल वास्तविक समस्याओं को उठाने के बजाय अधिकारियों और कर्मचारियों को दबाव में लेने के लिए करते हैं. प्रस्ताव को मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सितंबर 2025 में भी मांगी गई थी जानकारी
सरकार ने सितंबर 2025 में भी आदतन और झूठी शिकायतें करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की थी. उस समय लोक सेवा प्रबंधन विभाग ने सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर ऐसे लोगों की जानकारी तय फॉर्मेट में मांगी थी. शिकायतकर्ता का नाम, मोबाइल नंबर, कुल शिकायतों की संख्या और उसके संबंध में अधिकारियों का अभिमत मांगा गया था. यह जानकारी लेवल अधिकारियों की लॉगिन आईडी से पोर्टल पर दर्ज की जानी थी. शासन का मानना था कि कुछ लोग सीएम हेल्पलाइन और दूसरे प्लेटफॉर्म पर केवल दबाव बनाने या ब्लैकमेल करने के लिए शिकायतें दर्ज कराते हैं. हालांकि, उस समय यह प्रक्रिया आगे कार्रवाई तक नहीं पहुंच सकी.
वरिष्ठ अधिकारी भी उठा चुके हैं सवाल
मार्च 2025 में तत्कालीन प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास दीपाली रस्तोगी ने भी शिकायतों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया था. उन्होंने सिवनी जिला पंचायत की जानकारी का हवाला देते हुए बताया था कि कुछ शिकायतकर्ता अलग-अलग योजनाओं और विभागों में एक जैसी शिकायतें बार-बार दर्ज कराते हैं. शिकायत का निराकरण होने के बाद जब अधिकारी फोन पर संतुष्टि जानने और शिकायत बंद कराने के लिए संपर्क करते हैं, तो कुछ लोग इसके बदले अवैध रूप से राशि मांगते हैं. रस्तोगी ने ऐसे मामलों को रोकने के लिए शिकायतकर्ता से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग पोर्टल पर अपलोड करने और शिकायतकर्ता की टिप्पणी के आधार पर शिकायत को ऑटो-क्लोज करने का विकल्प देने का सुझाव भी दिया था.
यह भी पढ़ें : Rewa News: एक साल की देरी से चल रहे CM राइज स्कूलों के भवन, करोड़ों खर्च के बाद भी पुराने कमरों में पढ़ रहीं छात्राएं
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
