National News: उमा भारती ने CM योगी को लिखा भावुक पत्र, कहा – बाहर से वज्र लेकिन अंदर से फूल जैसे कोमल
National News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शोक संवेदना व्यक्त की है. 28 नवंबर को लिखे दो पन्नों के पत्र में उन्होंने योगी आदित्यनाथ के संन्यासी जीवन और मां के प्रति उनके भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र किया. उमा भारती ने लिखा कि आपका बाहरी रूप वज्र के समान है, लेकिन आपका अंतर्मन फूल की तरह कोमल है. मां की वेदना में आपको फूट-फूटकर रोते देखकर पूरा देश स्तब्ध रह गया.
20 नवंबर को हुआ था मां का निधन
योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 20 नवंबर को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था. उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी की भावुक तस्वीरें भी सामने आई थीं. उमा भारती ने पत्र में बताया कि उनका लखनऊ पहुंचकर योगी से मुलाकात करने का विचार था, लेकिन अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया. इसलिए उन्होंने पत्र के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं.
बोलीं, संन्यासी भी मां से विमुख नहीं हो सकता
उमा भारती ने लिखा कि योगी आदित्यनाथ गोरक्षपीठ के महंत और संन्यासी हैं, जो सांसारिक मोह-माया से दूर रहते हैं, लेकिन मां से कोई भी विमुख नहीं हो सकता. संन्यास ग्रहण करने के बाद भले ही मां से मुलाकात कम हो गई हो, लेकिन मन का जुड़ाव कभी समाप्त नहीं होता. मां के प्रति प्रेम और भावनाएं जीवनभर बनी रहती हैं.
आदि शंकराचार्य का दिया उदाहरण
मां और संन्यासी पुत्र के रिश्ते को समझाने के लिए उमा भारती ने आदि शंकराचार्य का उदाहरण भी दिया. उन्होंने लिखा कि आदि शंकराचार्य ने संन्यास ग्रहण किया था, लेकिन अपनी मां की अंत्येष्टि उन्होंने स्वयं की थी. एक संन्यासी पुत्र भी मां के चरणों में अपना सिर झुकाता है, क्योंकि वह मां के ऋण से कभी मुक्त नहीं हो सकता. उमा भारती ने योगी से कहा कि उनका शरीर जब तक है, उसका एक-एक हिस्सा मां का अंश है.
योगी को रोता देखकर व्याकुल हुईं उमा भारती
पत्र में उमा भारती ने लिखा कि योगी आदित्यनाथ को मां के निधन पर रोते देखकर वह बेहद व्याकुल हो गई थीं. वह उनकी मनोवेदना को समझ रही थीं, लेकिन उस समय उनके पास पहुंच नहीं सकीं. उन्होंने मां के प्रति योगी के प्रेम और भावनात्मक जुड़ाव को स्वाभाविक बताते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.

योगी के नेतृत्व की भी की प्रशंसा
उमा भारती ने पत्र में योगी आदित्यनाथ की राजनीतिक कार्यशैली और नेतृत्व का भी उल्लेख किया. उन्होंने लिखा कि योगी ने भारतीय राजनीति में उच्च आदर्शों का उदाहरण प्रस्तुत किया है. एक राजा को योगी होना चाहिए, लेकिन जब योगी ही राजा बन जाए तो इसकी मिसाल उत्तर प्रदेश में देखने को मिलती है. उन्होंने खुद को योगी की बड़ी बहन बताते हुए कहा कि परिवार से दूर रहकर भी मां के प्रति प्रेम और प्रदेश की जनता के हितों के लिए लगातार सक्रिय रहना उनके मजबूत संकल्प को दर्शाता है.
यूपी की महिलाएं करती हैं सम्मान
उमा भारती ने लिखा कि उत्तर प्रदेश की महिलाएं योगी आदित्यनाथ को सम्मान और स्नेह की दृष्टि से देखती हैं. उनके अनुसार, प्रदेश में स्त्री और पुरुष सभी खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं. पत्र के अंत में उन्होंने योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ, यशस्वी और दीर्घायु जीवन की कामना की. साथ ही विश्वास जताया कि मां का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ बना रहेगा.
यह भी पढ़ें : MP News: सरकार 1 दिसंबर को लेगी 1500 करोड़ का बाजार ऋण, 87 हजार करोड़ है उधारी सीमा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “National News: उमा भारती ने CM योगी को लिखा भावुक पत्र, कहा – बाहर से वज्र लेकिन अंदर से फूल जैसे कोमल”