MP News: MP में शराब की बिक्री पर सख्ती, हर बैच के लिए क्वालिटी टेस्ट सर्टिफिकेट अनिवार्य
MP News: मध्य प्रदेश में शराब की गुणवत्ता को लेकर आबकारी विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है. अब प्रदेश में बिकने वाली शराब की हर खेप को लैब जांच से गुजरना अनिवार्य होगा. 25 नवंबर से लागू नई व्यवस्था के तहत शराब के प्रत्येक बैच के साथ क्वालिटी टेस्ट सर्टिफिकेट रखना जरूरी कर दिया गया है. इस फैसले का उद्देश्य मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाली शराब की बिक्री पर रोक लगाना है.

बिना जांच नहीं मिलेगी मंजूरी
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब जांच रिपोर्ट के बिना शराब को फैक्ट्री से बाहर भेजने और बाजार तक पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. आबकारी आयुक्त दीपक कुमार सक्सेना ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं. इसके साथ ही शराब दुकानों पर भी गुणवत्ता प्रमाण-पत्र ऐसी जगह प्रदर्शित करना होगा, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख सकें.
देसी से विदेशी शराब तक जांच
नई व्यवस्था का दायरा केवल देसी शराब तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विदेशी स्पिरिट और बीयर को भी इसमें शामिल किया गया है. इन सभी उत्पादों के प्रत्येक बैच की प्रयोगशाला में जांच की जाएगी. इस दौरान शराब की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े मानकों को परखा जाएगा. लैब से सही रिपोर्ट मिलने के बाद ही संबंधित खेप को आगे भेजने की अनुमति मिलेगी, शराब दुकानदारों को अपने पास पहुंचने वाले स्टॉक की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट देखने का अधिकार दिया गया है. इसके लिए उन्हें वेयरहाउस मैनेजर से रिपोर्ट मांगने की सुविधा मिलेगी. मांग किए जाने पर वेयरहाउस मैनेजर को संबंधित बैच का क्वालिटी टेस्ट सर्टिफिकेट उपलब्ध कराना होगा. इससे दुकानदारों को भी शराब की खेप की गुणवत्ता से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी.

संदिग्ध स्टॉक पर लगेगी रोक
शराब की सप्लाई के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा. यदि किसी खेप के साथ गुणवत्ता प्रमाण-पत्र नहीं मिलता है या जांच रिपोर्ट में जानकारी अधूरी अथवा संदेहास्पद पाई जाती है, तो उस स्टॉक को अलग रख दिया जाएगा. ऐसे स्टॉक को सामान्य शराब के साथ रखने और दुकानदारों तक पहुंचाने की अनुमति नहीं होगी. इस व्यवस्था से बिना जांच वाली शराब की बाजार में सप्लाई रोकने में मदद मिलेगी.
ई-आबकारी पोर्टल पर होगा रिकॉर्ड
शराब की सप्लाई व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल निगरानी भी की जाएगी. वेयरहाउस में शराब की खेप पहुंचते ही उसका क्वालिटी टेस्ट सर्टिफिकेट ई-आबकारी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा. इससे आबकारी अधिकारियों को शराब के उत्पादन से लेकर दुकानों तक पहुंचने की पूरी जानकारी डिजिटल माध्यम से मिल सकेगी. नई व्यवस्था के जरिए विभाग का लक्ष्य शराब की गुणवत्ता पर निगरानी मजबूत करना और मिलावट की आशंका को कम करना है.
यह भी पढ़ें : MP News: वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव के लिए बनेगा अत्याधुनिक डिपो, 146 करोड़ से तैयार होंगी 6 नई लाइनें
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
