Rewa News: रीवा के इटमा वाटरफॉल में हादसा, सेल्फी लेते समय गहरे पानी में गिरा युवक
Rewa News: रीवा जिले के प्रसिद्ध इटमा वाटरफॉल में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के बरगढ़ निवासी 21 वर्षीय सोनू खान सेल्फी लेने के दौरान संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में गिर गया। घटना के बाद से युवक का कोई पता नहीं चल सका है और उसकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

परिवार और दोस्तों के साथ घूमने आया था युवक
जानकारी के अनुसार सोनू खान अपने परिजनों और दोस्तों के साथ इटमा वाटरफॉल घूमने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह झरने के किनारे खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते वह तेज बहाव में ओझल हो गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने शुरू की तलाश
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से युवक की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयासों के बावजूद जब सफलता नहीं मिली तो SDRF की टीम को बुलाया गया।
गहराई और तेज बहाव बना चुनौती
SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक वाटरफॉल में पानी की गहराई अधिक है और बहाव भी काफी तेज है, जिससे रेस्क्यू कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नाव उतारना संभव नहीं
SDRF अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र का रास्ता संकरा और दुर्गम होने के साथ पानी का बहाव भी तेज है। ऐसी स्थिति में नाव का उपयोग संभव नहीं है। इसलिए जवान पानी में उतरकर कॉम्बिंग सर्च अभियान चला रहे हैं। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है तथा युवक की तलाश लगातार जारी है।
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा-प्रयागराज हाईवे पर ट्रेलर ने ट्रक को मारी टक्कर, एक घंटे के रेस्क्यू के बाद चालक को निकाला गया
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

