Rewa News: रीवा आयुर्वेद कॉलेज में बीएएमएस इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन छठवें दिन भी जारी, मुख्य गेट पर ताला लगाकर जताया विरोध
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा स्थित शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में बीएएमएस इंटर्न चिकित्सकों का आंदोलन शुक्रवार को छठवें दिन भी लगातार जारी रहा, अपनी मांगों को लेकर अड़े आंदोलनकारी इंटर्न डॉक्टरों ने विरोध का तीखा रुख अपनाते हुए कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, डॉक्टरों की मुख्य मांग है कि मध्य प्रदेश में मिलने वाले मासिक स्टाइपेंड में सम्मानजनक बढ़ोतरी कर इसे अन्य राज्यों के समकक्ष किया जाए.

दूसरे राज्यों से तुलना कर जताया विरोध
शासन को सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार मध्य प्रदेश में बीएएमएस इंटर्न चिकित्सकों को वर्तमान में महज 9,383 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, डॉक्टरों ने अन्य राज्यों का तुलनात्मक आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल में 33,099 रुपये, ओडिशा में 30 हजार रुपये और तेलंगाना में 29,792 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिल रहा है, अन्य राज्यों की तुलना में मध्य प्रदेश में यह राशि काफी कम होने के कारण डॉक्टरों में भारी असंतोष व्याप्त है.
भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग
छात्रों ने केवल स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग ही नहीं रखी है, बल्कि इसके साथ ही नियमों के अनुसार समय पर भुगतान करने और प्रदेश के आयुष चिकित्सा संस्थानों में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया में आवश्यक प्रशासनिक सुधार करने की मांग भी उठाई है, आंदोलनकारी चिकित्सकों का कहना है कि वे लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन शासन उनकी वाजिब मांगों की अनदेखी कर रहा है, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा है.
अंतिम निर्णय का इंतजार
आयुर्वेदिक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक कुलश्रेष्ठ ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि आंदोलनकारी इंटर्न डॉक्टरों की सभी मांगों और ज्ञापन को वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से शासन तक पहुंचा दिया गया है, उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टाइपेंड बढ़ाने और भर्ती नियमों में संशोधन का अंतिम निर्णय शासन स्तर से ही लिया जाना है, ऐसे में कॉलेज प्रबंधन मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है.
शासन के रुख पर टिकी निगाहें
लगातार छठवें दिन तालाबंदी और नारेबाजी के बीच अब सभी की निगाहें राज्य सरकार के फैसले पर टिकी हुई हैं, कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, वहीं इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि जब तक शासन स्तर से लिखित आश्वासन या ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका यह शांतिपूर्ण आंदोलन और विरोध प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें : MP News: मैहर के पीएम श्री स्कूल में प्राचार्य का प्रभार सौंपने पर छिड़का गंगाजल, कांग्रेस नेता ने लगाए जातिगत भेदभाव के आरोप
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










