Rewa News: रीवा न्यूक्लियर प्लांट विरोध के बीच बड़ी कार्रवाई, चिता आंदोलन को लेकर AAP नेता प्रमोद शर्मा पर FIR दर्ज
Rewa News: रीवा के रोझोही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में चल रहे चिता आंदोलन को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई की है. आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा समेत कई ग्रामीणों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. प्रशासन का आरोप है कि कलेक्टर के प्रतिबंधात्मक आदेश लागू होने के बावजूद ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया. अब पुलिस मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान कर रही है.

24 नवंबर को दर्ज हुआ मामला
नायब तहसीलदार वृत्त लालगांव की शिकायत पर 24 नवंबर को गढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने अपराध क्रमांक 147/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 में केस दर्ज किया है. गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पांडेय के मुताबिक, FIR में प्रमोद शर्मा के साथ मौके पर मौजूद अन्य लोग भी शामिल हैं. वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर उनकी पहचान कर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
कलेक्टर के आदेश उल्लंघन का आरोप
दस्तावेजों के अनुसार, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रीवा ने 17 नवंबर को आदेश क्रमांक 1274 जारी किया था. इसके तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत जिले में दो महीने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किया गया था. इसके बाद 23 नवंबर को नायब तहसीलदार ने चौकी प्रभारी लालगांव को पत्र लिखकर रोझोही में बिना अनुमति प्रदर्शन किए जाने की शिकायत की थी.

पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई
शिकायत के मुताबिक, हल्का पटवारी और राजस्व निरीक्षक ने प्रदर्शन स्थल का निरीक्षण किया था. पटवारी की रिपोर्ट में प्रमोद शर्मा और अन्य ग्रामीणों पर कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन करने का उल्लेख किया गया. मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग भी व्हाट्सएप के जरिए पुलिस को भेजी गई थी. इसी शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज की है.
17 अक्टूबर से जारी है आंदोलन
प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन 17 अक्टूबर को जल सत्याग्रह के साथ शुरू हुआ था. इसके बाद 7 नवंबर से चिता आंदोलन शुरू किया गया. आंदोलन के दौरान विमला आदिवासी की मौत हो चुकी है, जबकि प्रमोद शर्मा समेत कई आंदोलनकारियों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों का समर्थन कर चुके हैं, FIR दर्ज होने पर प्रमोद शर्मा ने कहा कि वे कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखेंगे और उपलब्ध वीडियो साक्ष्य जांच में प्रस्तुत करेंगे. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं, ग्रामीण चाहते हैं कि प्रस्तावित परियोजना से जुड़े पर्यावरण, जनस्वास्थ्य और सुरक्षा के सवालों पर विशेषज्ञों की मौजूदगी में सार्वजनिक संवाद कराया जाए.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा के कबाड़ी मोहल्ले में युवक की संदिग्ध मौत, लिव-इन पार्टनर के साथ रहता था अमित चौधरी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “Rewa News: रीवा न्यूक्लियर प्लांट विरोध के बीच बड़ी कार्रवाई, चिता आंदोलन को लेकर AAP नेता प्रमोद शर्मा पर FIR दर्ज”