Rewa News: कल्पना मिश्रा मौत मामले में FIR की मांग, पिता का आमरण अनशन पांचवें दिन भी जारी
Rewa News: रीवा में बेटी कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर पिता रामशिरोमणि मिश्रा का आमरण अनशन रविवार को पांचवें दिन भी जारी रहा. वे सिरमौर चौराहे पर धरने पर बैठे हैं, परिवार की मांग है कि मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो.

परिवार के समर्थन में बढ़ रहा आंदोलन
कल्पना को न्याय दिलाने के लिए परिवार की ओर से जिलेभर के लोगों से सिरमौर चौराहा पहुंचने की अपील की गई थी, आंदोलन को अब सामाजिक और राजनीतिक संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है. इसी बीच कांग्रेस ने जय स्तंभ चौराहे पर धरना दिया, जिसमें झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया, कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा, महापौर अजय मिश्रा बाबा और जिलाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.

चार स्वास्थ्यकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई
कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के बाद अस्पताल स्तर पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है, अब तक दो नर्सिंग अधिकारियों और दो डॉक्टरों को निलंबित किया जा चुका है. ड्यूटी डॉक्टर सोनल अग्रवाल और स्त्री रोग विशेषज्ञ तथा एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. निधि पांडे पर भी निलंबन की कार्रवाई हुई है, वहीं अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को पद से हटाकर डॉ. प्रियंक शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है.
जांच कमेटी ने शुरू की पड़ताल
मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है, इसमें कल्पना के अस्पताल पहुंचने से लेकर इलाज और मौत तक की पूरी प्रक्रिया की जांच की जा रही है. चिकित्सकीय प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं और जच्चा-बच्चा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है. परिवार की मांग पर पोस्टमार्टम कराया गया है, जबकि भोपाल से पहुंची टीम ने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और परिजनों से भी जानकारी ली है.
निलंबन नहीं FIR चाहिए
तमाम प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद रामशिरोमणि मिश्रा ने अपना अनशन समाप्त नहीं किया है, उनका कहना है कि केवल निलंबन से उन्हें न्याय नहीं मिलेगा. वे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हैं, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी धरना स्थल पहुंचकर परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दे चुके हैं. अब परिवार और आंदोलनकारियों की ओर से लोगों से अधिक संख्या में धरना स्थल पहुंचने की अपील की गई है, जिससे आंदोलन के और व्यापक होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा मेडिकल कॉलेज मामला, लापरवाही पर डीन का तबादला, परिजनों की FIR की मांग जारी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
