Rewa News: कल्पना मिश्रा के पिता का आमरण अनशन 13वें दिन भी जारी, एफआईआर की मांग पर अड़े

Rewa News: कल्पना मिश्रा के पिता का आमरण अनशन 13वें दिन भी जारी, एफआईआर की मांग पर अड़े

Rewa News: कल्पना मिश्रा के पिता का आमरण अनशन 13वें दिन भी जारी, एफआईआर की मांग पर अड़े

Rewa News: रीवा के संजय गांधी अस्पताल में कल्पना मिश्रा और उसके नवजात की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर पिता का आमरण अनशन सोमवार को 13वें दिन भी जारी रहा. लगातार भूख हड़ताल के चलते उनकी सेहत काफी बिगड़ गई है. कमजोरी इतनी बढ़ गई है कि अब वे ठीक से बैठ भी नहीं पा रहे हैं और ज्यादातर समय लेटकर ही अनशन कर रहे हैं. इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक वे अपना अनशन समाप्त नहीं करेंगे.

पापा ये मुझे मार डालेंगे, रीवा में डिलीवरी रूम से रोते हुए निकली गर्भवती,  अगले पल बच्चे समेत मौत

25 अगस्त को हुई थी मौत

कल्पना मिश्रा को 25 अगस्त को प्रसव के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 26 अगस्त को इलाज के दौरान कल्पना और उसके नवजात की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर की मांग शुरू कर दी. परिजनों का कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद उनकी मुख्य मांग अभी तक पूरी नहीं हुई है और इसी वजह से पिता लगातार आंदोलन कर रहे हैं.

4 स्वास्थ्यकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई

मामले में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. सोनल अग्रवाल और डॉ. निधि पांडेय को निलंबित किया गया है. इनके अलावा साधना वर्मा और सीमा मुजाल्दे पर भी निलंबन की कार्रवाई हुई है. इस तरह कुल चार स्वास्थ्यकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है. इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज के तत्कालीन अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को पद से हटा दिया गया, जबकि डीन डॉ. सुनील अग्रवाल को रीवा से हटाकर सतना मेडिकल कॉलेज भेजा गया. उनकी जगह डॉ. शशिधर प्रसाद गर्ग को रीवा मेडिकल कॉलेज की जिम्मेदारी दी गई है.

मजिस्ट्रेटियल जांच में जुटा प्रशासन

कल्पना और उसके नवजात की मौत के मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रेटियल जांच के आदेश भी दिए हैं. इस जांच की जिम्मेदारी सिरमौर एसडीएम दृष्टि जायसवाल को सौंपी गई है. जांच में इलाज के दौरान की परिस्थितियों, डॉक्टरों और स्टाफ की भूमिका के साथ परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है. परिजनों ने जांच के दौरान घटना से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए हैं. परिवार चाहता है कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर और घटना के समय मौजूद कर्मचारियों की भूमिका भी जांच में शामिल हो.

कार्रवाई के बाद भी एफआईआर की मांग पर अड़े पिता

मामले में चार स्वास्थ्यकर्मियों के निलंबन, अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को हटाने और डीन डॉ. सुनील अग्रवाल को सतना भेजने की कार्रवाई हो चुकी है. वहीं मजिस्ट्रेटियल जांच भी आगे बढ़ रही है, लेकिन कल्पना के पिता इन कार्रवाइयों से संतुष्ट नहीं हैं. उनका कहना है कि जब तक मामले में जिम्मेदार डॉक्टरों और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आपराधिक कार्रवाई शुरू नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. 13 दिन की भूख हड़ताल के बाद उनकी बिगड़ती सेहत अब परिवार के लिए भी बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है.

यह भी पढ़ें : MP News: लाड़ली बहना योजना में लगातार घट रही महिलाओं की संख्या, 2026 में अब तक 21,150 नाम हटे

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें