Rewa News: रीवा के सिरमौर में प्रस्तावित टाटा पावर न्यूक्लियर प्लांट का भारी विरोध, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सिरमौर क्षेत्र में प्रस्तावित टाटा पावर परमाणु ऊर्जा संयंत्र को लेकर रोझौही और सरई कलां सहित आसपास के दर्जनों गांवों में विरोध के सुर तेज हो गए हैं, ग्रामीणों का कहना है कि सरकार भले ही उनकी लाड़ली बहना योजना, राशन और पेंशन बंद कर दे, लेकिन वे अपनी पुश्तैनी जमीन, खेती और पानी किसी कीमत पर नहीं देंगे, रोझौही के ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि वे अपनी जान दे देंगे लेकिन गांव में परमाणु प्लांट नहीं लगने देंगे.
ड्रिलिंग मशीनें पहुंचने के बाद भड़का आक्रोश
प्रस्तावित प्रोजेक्ट के तहत लगभग 200 एकड़ जमीन की जांच के लिए जब रोझौही और सरई कलां गांवों में भारी ड्रिलिंग मशीनें पहुंचीं, तो ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर जमकर विरोध जताया, जिसके बाद मशीनों को वापस लौटना पड़ा, ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामसभा में इस प्रोजेक्ट का पहले ही विरोध और आपत्ति दर्ज कराई जा चुकी है, इसके बावजूद बिना जमीन मालिकों की पूर्व सहमति और जानकारी के गुपचुप तरीके से जांच और टैगिंग की गतिविधियां चलाई जा रही हैं.
आजीविका, पानी और पक्के मकानों की चिंता
लगभग 100 गांवों पर असर डालने वाले इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट को लेकर ग्रामीणों में भारी डर और असमंजस का माहौल है, कई गरीब परिवारों ने वर्षों की मजदूरी और प्रधानमंत्री आवास योजना की मदद से हाल ही में अपने पक्के मकान बनाए हैं, अब उन्हें बेघर होने का डर सता रहा है, इसके अलावा स्थानीय तमसा और महाना नदियों के जल स्रोतों पर पड़ने वाले प्रभाव, रेडिएशन के खतरे और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को लेकर ग्रामीणों ने सरकार से स्थिति साफ करने की मांग की है.
एक्सपर्ट्स और सामाजिक कार्यकर्ताओं की चेतावनी
विशेषज्ञों का मानना है कि परमाणु बिजलीघर में यूरेनियम विखंडन से ऊर्जा बनाई जाती है, जिसकी सुरक्षा और परमाणु कचरे के प्रबंधन में जरा सी भी लापरवाही इंसान, पशु-पक्षियों और पर्यावरण के लिए विनाशकारी हो सकती है, इसी को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी ने इस प्रोजेक्ट के खिलाफ हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर करने की तैयारी शुरू कर दी है और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट जाने की भी बात कही है.
शुरुआती चरण में है प्रस्तावित प्रोजेक्ट
वर्तमान में मध्य प्रदेश में कोई भी चालू परमाणु बिजलीघर मौजूद नहीं है, हालांकि मंडला जिले के चुटका में 1400 मेगावाट का एक प्रोजेक्ट प्रस्तावित है, रीवा का यह टाटा पावर प्रोजेक्ट भी अभी बेहद शुरुआती प्रक्रिया में है, जिसे विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR), पर्यावरणीय मंजूरी और परमाणु नियामक बोर्ड (AERB) जैसी कई कड़ी स्वीकृतियों से गुजरना होगा, हालांकि स्पष्ट जानकारी के अभाव में क्षेत्र का जनाक्रोश दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा के एनसीसी ग्राउंड में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत विकसित भारत संकल्प सभा, वर्चुअली जुड़े पीएम मोदी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










