Sidhi News: चुरहट में 6 साल के आदिवासी बच्चे की मौत, परिजन ने ऑक्सीजन व्यवस्था पर लगाए गंभीर आरोप
Sidhi News: सीधी जिले के चुरहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं. कैमोर पहाड़ क्षेत्र से इलाज के लिए लाए गए 6 वर्षीय आदिवासी बैगा बच्चे रोहित की रीवा ले जाते समय मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ऑक्सीजन उपलब्ध होने के बावजूद उसे देने के लिए जरूरी मास्क नहीं मिला. इसके बाद 108 एंबुलेंस की ऑक्सीजन व्यवस्था को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाए हैं.

सांस लेने में परेशानी के बाद अस्पताल पहुंची मां
गुरुवार दोपहर रोहित की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी, जिसके बाद उसकी मां मुन्नी बैगा उसे लेकर चुरहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर करने का फैसला लिया. परिजनों के मुताबिक रेफरल की प्रक्रिया में 40 मिनट से अधिक समय लगा और इसी दौरान बच्चे को ऑक्सीजन देने के लिए मास्क तलाशा गया, लेकिन कथित तौर पर मास्क उपलब्ध नहीं हो सका.
ऑक्सीजन मास्क की व्यवस्था नहीं होने का आरोप
परिजनों के अनुसार ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने भी ऑक्सीजन मास्क की व्यवस्था करने की कोशिश की, लेकिन इंतजाम नहीं हो पाया. परिवार का आरोप है कि इसके बाद मशीन से सीधे ऑक्सीजन देने का प्रयास किया गया. उनका कहना है कि बच्चे की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी और उसे जल्द से जल्द रीवा ले जाने की जरूरत थी. इस पूरी स्थिति को लेकर परिजनों ने अस्पताल की आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
108 एंबुलेंस में भी व्यवस्था पर सवाल
इसके बाद रोहित को रीवा ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस पहुंची. परिजनों का दावा है कि एंबुलेंस में भी ऑक्सीजन मास्क या पर्याप्त ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं थी. परिवार के मुताबिक 108 एंबुलेंस को सीधी से चुरहट पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा था. गंभीर हालत में बच्चे को रीवा ले जाया गया, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे रीवा पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. मां ने आरोप लगाया कि पर्याप्त ऑक्सीजन व्यवस्था होती तो शायद बच्चे की जान बच सकती थी.
सीएमएचओ बोले, एंबुलेंस व्यवस्था लंबे समय से खराब
मामले में सीएमएचओ डॉ. अशोक खरे ने बताया कि संबंधित एंबुलेंस की व्यवस्था काफी समय से खराब है और इस संबंध में कई बार पत्राचार किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि इसके बावजूद अभी तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है. अब मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी और घटना में यदि किसी की जिम्मेदारी सामने आती है तो उसे तय किया जाएगा. बच्चे की मौत के बाद चुरहट अस्पताल और 108 एंबुलेंस सेवा की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी जिला अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिला, ड्रिप लगाकर परिजनों के सहारे पैदल चली महिला
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
