Sidhi News: सीधी जिला अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिला, ड्रिप लगाकर परिजनों के सहारे पैदल चली महिला
Sidhi News: सीधी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं. जिले के अलग-अलग सरकारी अस्पतालों से सामने आ रही तस्वीरों में मरीजों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है. सीधी जिला अस्पताल में एक बीमार महिला को स्ट्रेचर नहीं मिलने का मामला सामने आया है. महिला हाथ में ड्रिप लगाए अपने परिजनों के सहारे करीब 100 मीटर दूर महिला वार्ड तक पैदल पहुंची. इस घटना का वीडियो गुरुवार शाम करीब 6 बजे सामने आया.
तबीयत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल भेजा गया
महिला की पहचान ग्राम गोडाही निवासी राजकली कुशवाहा के रूप में बताई गई है. राजकली के अनुसार गुरुवार सुबह अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और ब्लीडिंग होने लगी. परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया लेकर पहुंचे, जहां हालत बिगड़ने के बाद उन्हें सीधी जिला अस्पताल रेफर किया गया. जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शाम को उन्हें पुराने भवन से नए अस्पताल भवन स्थित महिला वार्ड में भेजा जाना था, लेकिन कथित तौर पर स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं हुआ.
पैदल पहुंचने के बाद जमीन पर लेटी महिला
स्ट्रेचर नहीं मिलने के बाद राजकली हाथ में ड्रिप लेकर परिजनों के सहारे दूसरे अस्पताल भवन तक पहुंचीं. करीब 100 मीटर का यह रास्ता उन्हें पैदल तय करना पड़ा. परिजनों के मुताबिक महिला को वहां पहुंचने के बाद भी तत्काल बेड नहीं मिला और वह जमीन पर लेटी हुई नजर आईं. सामने आए वीडियो में आसपास अस्पताल का कोई कर्मचारी दिखाई नहीं दे रहा है. बाद में परिजन महिला को निजी अस्पताल लेकर गए, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है.
मझौली और सेमरिया अस्पताल में भी उठे सवाल
मझौली अस्पताल से भी मरीजों और अटेंडरों को गर्मी और मच्छरों से परेशानी होने की तस्वीर सामने आई है. मरीजों का कहना है कि पंखों के स्विच चालू होने के बावजूद पंखे बंद रहते हैं, जिससे अस्पताल में इंतजार करना मुश्किल हो जाता है. वहीं सेमरिया अस्पताल में डॉक्टर, नर्स और ओपीडी कर्मचारियों के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने के आरोप लगे हैं. बताया गया कि सुबह 9 बजे ड्यूटी शुरू होने के बावजूद कुछ कर्मचारी करीब 10 बजे पहुंचते हैं, जिससे शुरुआती समय में आने वाले मरीजों को इंतजार करना पड़ता है.
कमियां मिलीं तो होगी कार्रवाई
पूरे मामले को लेकर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक खरे ने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में लंबे समय से मौजूद कमियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अस्पतालों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है. शुक्रवार को उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. दीपा रानी के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया, जहां कई कमियां सामने आईं. उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई गई है और जल्द सुधार के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही जो कर्मचारी या अधिकारी लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: छुहिया गांव में सड़क की बदहाली, बीमार बुजुर्ग को खाट पर लेकर अस्पताल पहुंचे ग्रामीण
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
