Sidhi News: विश्व पर्यावरण दिवस पर चरकापानी में स्वच्छता अभियान, कलेक्टर ने किया श्रमदान और वृक्षारोपण
Sidhi News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीधी जिले के प्रसिद्ध चरकापानी वॉटरफॉल में शुक्रवार को विशेष स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व कलेक्टर विकास मिश्रा ने किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर श्रमदान किया, परिसर की सफाई की और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सुबह से शुरू हुआ स्वच्छता अभियान
सुबह करीब 9 बजे शुरू हुए इस अभियान में जनपद पंचायत कुसमी के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने मिलकर चरकापानी वॉटरफॉल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कार्य किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।

कलेक्टर ने खुद संभाली सफाई की जिम्मेदारी
चरकापानी वॉटरफॉल जिले का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं। लेकिन पर्यटकों द्वारा छोड़े गए प्लास्टिक कचरे और अन्य अपशिष्ट सामग्री के कारण क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या बढ़ रही थी, इसी को देखते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वयं कचरा संग्रहण बैग लेकर सफाई अभियान की शुरुआत की। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनके साथ मिलकर परिसर में फैले प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित किया तथा उनके उचित निस्तारण की व्यवस्था की।

वृक्षारोपण कर लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
स्वच्छता अभियान के बाद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। इस दौरान सभी ने पौधों के संरक्षण और देखभाल का भी संकल्प लिया, कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पिकनिक या पर्यटन के दौरान उपयोग की गई सामग्री को खुले में न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही उसका निस्तारण करें।
वन्य जीवों पर पड़ता है असर
उन्होंने बताया कि जंगलों और प्राकृतिक क्षेत्रों में प्लास्टिक एवं अन्य कचरा फेंकने से वन्य जीवों, पक्षियों और सरीसृपों को गंभीर नुकसान पहुंचता है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, अभियान के समापन पर कलेक्टर ने लोगों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
यह भी पढ़ें : Sidhi News: जीडीसी कॉलेज के सामने से हटाया गया अतिक्रमण, प्रशासन की सख्ती जारी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
